पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल से बंगाली सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री कोयल मल्लिक को मैदान में उतारा है. उम्मीदवार बनाए जाने के अगले ही दिन यानी सोमवार को कोयल मल्लिक ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचकर आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने रविवार को ही उनके नाम की घोषणा कर दी थी, जिसके बाद सोमवार को उन्हें बीजेपी में शामिल कराया गया. अब बीजेपी के टिकट पर राज्यसभा जाएंगी.
ADVERTISEMENT
हाल ही में छोड़ा था TMC का साथ
बता दें कि कोयल मल्लिक का तृणमूल कांग्रेस (TMC) से पुराना नाता रहा है. वह इस साल 6 अप्रैल से 16 जुलाई तक TMC की ओर से राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं. हालांकि, राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के प्रदर्शन और राजनीतिक समीकरणों के बीच उन्होंने इसी साल जुलाई में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और राज्यसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था.
कौन हैं कोयल मल्लिक
बंगाली फिल्मों की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार कोयल मल्लिक अक्सर अपनी बेहतरीन अदाकारी और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती हैं. 28 अप्रैल 1982 को कोलकाता में जन्मीं कोयल मल्लिक का असली नाम रुक्मिणी मल्लिक है. उनके पिता रंजीत मल्लिक बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हैं. कोयल ने अपनी स्कूली पढ़ाई कोलकाता के मॉडर्न हाई स्कूल फॉर गर्ल्स से पूरी की और इसके बाद गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज से मनोविज्ञान (सायकोलॉजी) में ऑनर्स की डिग्री हासिल की. साल 2013 में कोयल ने फिल्म निर्माता निसपाल सिंह से शादी की.
पहली ही फिल्म से छा गईं पर्दे पर
कोयल ने साल 2003 में आई बंगाली फिल्म 'नेटर गुरु' से अपने करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म में उनके साथ सुपरस्टार जीत (Jeet) नजर आए थे और यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई. इसके बाद उन्होंने लगातार कई हिट फिल्में दीं, जिनमें 'बंधन', 'शुभदृष्टि', 'एम. एल. ए फाटकष्टो', 'पागलू', 'हेमलॉक सोसाइटी' और 'मितिन माशी' जैसी फिल्में शामिल हैं. अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स (बांग्ला), बीएफजेए (BFJA) अवॉर्ड्स और आनंदलोक पुरस्कारों से नवाजा गया. साल 2023 में पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें 'महानायक सम्मान' से भी सम्मानित किया था.
राजनीति का नया सफर
फिल्मी दुनिया में जलवा बिखरने के बाद कोयल मल्लिक ने राजनीति का रुख किया. साल 2026 में वह ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से राज्यसभा सांसद चुनी गईं. हालांकि, जुलाई 2026 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और सांसद पद दोनों से इस्तीफा दे दिया.इसके बाद अक्टूबर 2026 में कोयल भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं, जहां भाजपा ने उन्हें पश्चिम बंगाल से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है.
बीजेपी में शामिल होने के बाद क्या बोलीं कोयल?
भाजपा की सदस्यता लेने और राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कोयल मल्लिक ने कहा, "राज्यसभा के लिए नामांकित होना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान और गर्व की बात है. पश्चिम बंगाल में विकास का जो नया दौर शुरू हुआ है मैं उसका हिस्सा बनना चाहती हूं. हमारी प्राथमिकता राज्य में ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा करना और विकास कार्यों को गति देना है."
राजनीतिक बयानबाजी से बचते हुए उन्होंने आगे कहा, "मैं किसी की आलोचना में न पड़कर केवल अपनी पार्टी के सकारात्मक कामों पर ध्यान दूंगी। मेरा मुख्य मकसद जनता और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए काम करना है. इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए मैं बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार व्यक्त करती हूं."
12 सीटों पर होना है राज्यसभा चुनाव
देश में राज्यसभा की कुल 12 सीटों पर चुनाव होने जा रहे हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के अलावा उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की 1-1 सीट शामिल है. बीजेपी ने इस चुनाव के लिए अपने दो प्रमुख उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है, जिसमें उत्तराखंड से दिनेश आर्य और पश्चिम बंगाल से कोयल मल्लिक को टिकट दिया गया है.
ये भी पढ़ें: 10 अक्टूबर को क्या पलट सकता है पश्चिम बंगाल का पावर गेम? सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन ने बढ़ाई हलचल
ADVERTISEMENT


