कोलकाता भगदड़ पर मंत्री दिलीप घोष का बयान, बोले- कभी-कभी ऐसे हादसे हो जाते हैं

न्यूज तक डेस्क

• 01:10 PM • 18 Oct 2026

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के बाद दिलीप घोष ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने आयोजकों से सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतने की अपील की. वहीं, TMC नेता कुणाल घोष ने सरकार पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया और पूजा कमेटी के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की.

Kolkata stampede
Kolkata stampede
Google CTA

कोलकाता चोरबागान भगदड़ पर दिलीप घोष का बयान, बोले- आयोजकों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ मचने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया. इस हादसे पर राज्य के कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों में भारी भीड़ जुटती है. ऐसे में छोटी सी चूक भी हादसे की वजह बन सकती है. उन्होंने आयोजकों से सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्कता बरतने की अपील की.

Read more!

दिलीप घोष ने कहा कि चोरबागान में सालों से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है. यहां बड़े स्तर पर पूजा होती है और लाखों लोग दर्शन करने पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि कई बार सावधानी में कमी के कारण ऐसी घटनाएं हो जाती हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए.

मंत्री ने कहा कि देश में धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजनों में भारी भीड़ जुटने पर इस तरह के हादसे सामने आते हैं. इसलिए आयोजकों को भीड़ संभालने और सुरक्षा के इंतजामों पर विशेष ध्यान देना चाहिए.

घायलों के इलाज के लिए किए गए इंतजाम

दिलीप घोष ने बताया कि घटना के बाद सरकार के कई प्रतिनिधि मौके पर पहुंच चुके हैं. इनमें मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और मुख्य सचिव सहित कई मंत्री और नेता शामिल हैं. उन्होंने कहा कि हादसे में घायल लोगों के इलाज के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

विपक्ष के आरोपों पर क्या बोले दिलीप घोष?

हादसे को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी दिलीप घोष ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि राजनीति करने वाले लोग राजनीति करेंगे. उनके मुताबिक, कई जगहों पर दुर्गा पूजा के आयोजन हो रहे हैं और वहां पुलिस भी तैनात है. बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकलकर घूम रहे हैं.

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को दुर्घटना कहा जाता है, लेकिन इस तरह के हादसे नहीं होने चाहिए. आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने और ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है.

TMC नेता कुणाल घोष ने सरकार पर उठाए सवाल

चोरबागान भगदड़ को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता कुणाल घोष ने सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री के बयान को अधूरा और जिम्मेदारी से बचने वाला बताया.

कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का बयान लोगों को गुमराह करने और घटना से ध्यान भटकाने की कोशिश है. उन्होंने पूजा कमेटी के अधिकारियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की. साथ ही नगर निगम और OSD को हटाने की बात कही.

TMC नेता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की. उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा कमेटी में बीजेपी के सदस्य शामिल हैं और उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है. कुणाल घोष ने यह भी कहा कि बारिश को हादसे की वजह बताकर प्रशासनिक नाकामी को छिपाया नहीं जाना चाहिए.