मुंबई में चश्मा बनाने वाली मशहूर कंपनी लेंसकार्ट के एक शोरूम में उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब अल्पसंख्यक नेता नाजिया इलाही खान के नेतृत्व में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें नाजिया इलाही खान शोरूम के मुस्लिम मैनेजर से तीखी बहस करती और हिंदू कर्मचारियों को तिलक लगाती नजर आ रही हैं. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
हिंदू रीति-रिवाजों पर पाबंदी का आरोप
नाजिया इलाही खान ने शोरूम प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां हिंदू कर्मचारियों को तिलक लगाने, कलावा बांधने और रुद्राक्ष पहनने से रोका जा रहा है. वीडियो में वह मैनेजर मोहसिन खान को आड़े हाथों लेते हुए पूछ रही हैं कि क्या कंपनी का नियम केवल हिंदू प्रतीकों पर ही लागू होता है? उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कर्मचारियों को हिजाब पहनने की छूट है, तो हिंदू रीति-रिवाजों पर पाबंदी क्यों लगाई गई है.
नाजिया इलाही ने खुद लगाया तिलक और बांधा कलावा
वीडियो में देखा जा सकता है कि नाजिया इलाही खान शोरूम के भीतर हिंदू कर्मचारियों को बुलाती हैं और उन्हें साहस देते हुए खुद तिलक लगाती हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कर्मचारियों के हाथों में कलावा भी बांधा. इस दौरान पूरे शोरूम में 'जय श्री राम' और 'हर-हर महादेव' के नारे गूंजने लगे. नाजिया ने कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी धार्मिक पहचान के साथ कोई समझौता न करें.
'बायकॉट लेंसकार्ट' की चेतावनी और माफी की मांग
हंगामे के दौरान नाजिया इलाही खान ने लेंसकार्ट के मालिक से इस मामले में आधिकारिक तौर पर माफी मांगने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी अपनी 'हिंदू विरोधी' नीतियों को नहीं बदलती है, तो पूरे देश में लेंसकार्ट का बहिष्कार (Boycott) किया जाएगा और उनके लाइसेंस रद्द कराने के लिए कानूनी कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि शिवाजी महाराज की इस पावन धरती पर किसी भी प्रकार की धार्मिक साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सांप्रदायिक सौहार्द और संवैधानिक अधिकारों की बात
नाजिया इलाही खान, जो खुद अल्पसंख्यक समुदाय से आती हैं, ने इस घटना को मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया. उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां सभी को अपनी धार्मिक मान्यताओं का पालन करने का अधिकार है, लेकिन किसी एक धर्म को निशाना बनाना और दूसरे को छूट देना स्वीकार्य नहीं है. फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है.
ADVERTISEMENT


