अंतिम संस्कार के 4 दिन बाद घर आई थी मंगेतर सिया, बहन के सवालों में फंसी, फिर ऐसे खुला केतन हत्याकांड का सच

पुणे के व्यवसायी केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले में 350 फीट गहरी खाई से गिरकर हुई मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी. शादी न करने की चाहत में मंगेतर सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर उसे धक्का दिया था. केतन की बहन के शक और 2,004 कॉल्स के रिकॉर्ड ने इस पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया.

Ketan Agarwal Case
Ketan Agarwal Case

ओमकार

follow google news

पुणे के रहने वाले 26 साल के बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मौत का राज आखिरकार खुल गया है. जिसे शुरुआत में लोहागढ़ किले की खाई में गिरने का एक हादसा माना जा रहा था, वह असल में एक सोची-समझी हत्या थी. इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश किसी और ने नहीं बल्कि खुद केतन की बहन की सतर्कता और समझदारी ने किया है. पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

बहन के एक शक से घूमी जांच की सुई

पुलिस के मुताबिक, केतन के अंतिम संस्कार के चार दिन बाद सिया गोयल उनके घर पहुंची थी. वहां बातचीत के दौरान केतन की बहन ने सिया से कुछ सवाल पूछे. सिया के जवाबों में संदिग्ध लगा और कुछ घबराहट देखकर बहन को गहरा शक हुआ. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने गुपचुप तरीके से अपनी जांच को आगे बढ़ाया और उन कड़ियों को जोड़ना शुरू किया जो अब तक छिपी हुई थीं.

6 महीने में 2,004 कॉल्स, 238 घंटे बात

जब पुलिस ने सिया और चेतन के मोबाइल फोन का रिकॉर्ड (CDR) खंगाला तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए. दोनों पिछले काफी समय से लगातार संपर्क में थे. 1 जनवरी से लेकर जून के बीच दोनों के बीच 2,004 बार फोन पर बातचीत हुई थी. पूरे छह महीनों में दोनों ने करीब 238 घंटे फोन पर बिताए थे. इस कॉल डिटेल ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया कि दोनों के बीच गहरा रिश्ता है और वे किसी बड़ी साजिश में शामिल थे.

लोकेशन छिपाने की चालाक प्लानिंग

वारदात के दिन यानी 18 जून को आरोपी चेतन ने अपनी लोकेशन छुपाने के लिए शातिर दिमाग लगाया. उसने अपना फोन अपनी दुकान पर ही छोड़ दिया ताकि पुलिस को उसकी लोकेशन वहीं मिले. सुबह 7 बजे से शाम 5:40 बजे तक उसके फोन का इंटरनेट भी बंद रहा. वह दुकान से अपने एक कर्मचारी का फोन लेकर चुपके से लोहागढ़ पहुंच गया था. 18 जून को चेतन के नंबर पर जितने भी फोन आए, वे सब दुकान के कर्मचारियों ने उठाए.

जब पुलिस ने इंटरनेट बंद होने और लोकेशन को लेकर चेतन से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया. पुलिस को उसके खिलाफ कई ऐसे पुख्ता सबूत मिले जो उसे सीधे इस अपराध से जोड़ते हैं.

शादी नहीं करना चाहती थी मंगेतर

जांच में सामने आया है कि सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी. वह चेतन चौधरी से प्यार करती थी. केतन को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर मर्डर का प्लान बनाया.

8 जून 2026 को सिया, केतन को जन्मदिन की फोटो खिंचवाने के बहाने लोहागढ़ किले पर ले गई. वहां मौका पाकर सिया और चेतन ने मिलकर केतन को 350 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया और इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की. लेकिन एक छोटी सी गलती और बहन की सतर्कता के चलते केतन का यह केस पुलिस ने सुलझाकर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया.

पहली बार धक्का देकर चिल्लाई 'सांप-सांप'! पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस की पूरी इनसाइड स्टोरी

    follow google news