लोहागढ़ किले में हुए रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच का दायरा अब तेजी से बढ़ता जा रहा है. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री में अब एक नया और बेहद अहम मोड़ सामने आया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल को पूछताछ के लिए तलब किया है.
ADVERTISEMENT
सूत्रों के मुताबिक, साहिल को अपनी बहन सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के अफेयर की जानकारी पहले से थी. पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि आखिर साहिल ने यह बात अपने परिवार या किसी अन्य व्यक्ति से क्यों छिपाई.
साहिल का बयान पुलिस के लिए अहम
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि साहिल का बयान इस पूरे हत्याकांड की बिखरी हुई कड़ियों को जोड़ने में सबसे महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. फिलहाल जांच टीम साहिल से विस्तार से पूछताछ कर रही है और उसके बयानों को केस डायरी में दर्ज किया जा रहा है. पुलिस यह भी समझने की कोशिश कर रही है कि सिया के रिश्तों, उसकी मानसिक स्थिति और शादी को लेकर परिवार के भीतर किस तरह की बातें चल रही थीं. सूत्रों से मिले इनपुट्स के आधार पर पुलिस साहिल की भूमिका की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
इशारा मिलते ही खाई में दिया धक्का
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने पूछताछ के दौरान जुर्म कबूल करते हुए वारदात की जो कहानी बताई है, वह बेहद चौंकाने वाली है. पुलिस के अनुसार, बीते 18 जून को लोहागढ़ किले पर पहुंचने से पहले ही दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान तैयार कर लिया था.
ऐसे रची गई थी पूरी साजिश
योजना के मुताबिक, सिया को किले के एक तय पॉइंट पर बैठकर पहले से निश्चित किया गया इशारा करना था. जैसे ही सिया ने संकेत दिया, पीछे घात लगाकर बैठे चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को अचानक गहरी खाई में धक्का दे दिया. केतन को आखिरी वक्त तक अपनी मंगेतर की इस साजिश का जरा भी शक नहीं हुआ और संभलने का मौका मिलने से पहले ही वह खाई में गिर गया.
शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने की पूरी कोशिश की थी. चेतन का दावा था कि वह किले पर जरूर था लेकिन घटनास्थल पर मौजूद नहीं था. हालांकि, मौके से मिले तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की कड़ाई के आगे उनकी थ्योरी टिक नहीं सकी और दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
भागने के बजाय हत्या का रास्ता क्यों?
पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने दोनों से सवाल किया कि अगर वे एक-दूसरे से प्यार करते थे तो उन्होंने भागकर शादी क्यों नहीं की? इस पर आरोपियों ने जवाब दिया कि घर से भागने पर दोनों परिवारों की समाज में भारी बदनामी होती. बदनामी से बचने के लिए उन्होंने केतन की हत्या करने का खतरनाक रास्ता चुना.
दो बार पहले भी हुई थी कोशिश
जांच में यह भी सामने आया है कि 18 जून की वारदात उनकी पहली कोशिश नहीं थी. इससे पहले भी आरोपी दो बार केतन को लोहागढ़ किले लेकर गए थे लेकिन किन्हीं कारणों से उनका प्लान कामयाब नहीं हो सका. तीसरी बार में उन्होंने इस वारदात को अंजाम दे दिया. पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर रही है.
नवंबर में होने वाली थी शाही शादी
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई हो चुकी थी और इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर के एक भव्य महल में उनकी शाही शादी होनी तय हुई थी. दोनों परिवारों में उत्सव का माहौल था. हालांकि, सिया इस शादी से नाखुश थी, लेकिन उसने कभी यह बात अपने माता-पिता के सामने नहीं रखी.
पिता ने कहा- बेटी को मिले सख्त सजा
इस घटना के बाद मीडिया के सामने आए सिया के पिता प्रवीण गोयल ने रोते हुए कहा कि केतन उनके लिए बेटे की तरह था. उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी इस खौफनाक अपराध में दोषी पाई जाती है, तो उसे भी कानून के तहत कठोरतम सजा मिलनी चाहिए.
क्रिकेट मैच के दौरान चेतन से पहली बार हुई थी मुलाकात
सिया की मां पूजा गोयल ने बताया कि सिया और चेतन की मुलाकात एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी. परिवार को सिर्फ इतना पता था कि दोनों सामान्य परिचित हैं. उन्होंने बताया कि शादी तय करने से पहले सिया से कई बार उसकी मर्जी पूछी गई थी, और हर बार उसने सकारात्मक जवाब दिया था. परिवार को कभी भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी के दिमाग में इतनी बड़ी खूनी साजिश चल रही है. फिलहाल पुलिस साहिल के बयानों और तकनीकी सबूतों के आधार पर केस को अंतिम रूप देने में जुटी है.
ADVERTISEMENT


