बाइक पर भारत घूमने के सपने संजोए मुंबई की रिद्धि ठक्कर 2 दिन पहले बस्तर ट्रिप पर निकलीं. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट डाला- 'सोलो राइड बिगेन-मुंबई टू रायपुर'. किसी को क्या पता था कि रिद्धि का ये ट्रिप उनकी लाइफ का आखिरी ट्रिप साबित होगा. बस्तर की वादियों को एक्सप्लोर करने की तमन्ना लिए मुबई से औरंगाबाद और नागपुर होते हुए निकलीं रिद्दि ठक्कर की दो दिन बाद छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
रिद्धि ने इस ट्रिप से जुड़ा आखिरी पोस्ट 21 घंटे पहले डाला था. जिसमें लिखा था- 'नागपुर टू रायपुर'. मुंबई से करीब 23 बाइक राइडर्स का समूह बस्तर के लिए रवाना हुआ था. इसी टूर में मुंबई की कांदिवली वेस्ट निवासी निवासी 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर भी थीं. राइडर्स की टीम 12 अगस्त को धमतरी जिले में एनएच-30 थे. जब टीम एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट के पास से गुजर रही थी तभी एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल रिद्धि को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
क्या है ये पूरा मामला ?
बुधवार तड़के करीब 5 से 6 बजे के आसपास अधिकांश राइडर्स आगे चल रहे थे जबकि रिद्धि कुछ राइडर्स के साथ पीछे चल रही थीं. एनएच-30 पर मरकाटोला घाट के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक क्रमांक MH 12 SP 0835 को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिद्धि सड़क पर गिरकर बेहद गंभीर रूप से घायल हो गईं.
डायल 112 की मदद से रिद्धि को अस्पताल ले जाया गया
हादसे की सूचना तुरंत डायल-112 को दी गई. इनकी मदद से घायल रिद्धि को चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें धमतरी के श्रीराम अस्पताल रेफर कर दिया. धमतरी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद रिद्धि को मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर फरार
हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में टीम लगा दी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य माध्यमों के जरिए ट्रेलर की पहचान करने की कोशिश जारी है.
परिजनों को दी गई सूचना
रिद्धि ठक्कर की मौत की सूचना पुलिस ने उनके परिजनों को दे दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं, इस दर्दनाक हादसे से बस्तर की यात्रा पर निकले बाइक राइडर्स के दल में उदसी है. रिद्धि के साथ सफर कर रहे उनके साथी भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं.
धमतरी के डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर ने बताया कि मृतका रिद्धि ठक्कर मुंबई की रहने वाली थीं और अपने बाइक राइडर्स के ग्रुप के साथ बस्तर की यात्रा पर आई थीं. मरकाटोला के पास उनकी बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें उपचार के लिए धमतरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने उनके साथियों के बयान दर्ज किए हैं. मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है.
रिद्धि का ये सोशल मीडिया पोस्ट आया सामने
रिद्धि का इंस्टाग्राम पर एक और पोस्ट सामने आया है जिसमें सामने खूबसूरत पहाड़ और हरियाली है. वो अपने बाइक पर लेटी हुई हैं. पांवों में कीचड़ है और बाइक भी कीचड़ से सनी है. वो लिखती हैं- 'जिंदगी छोटी है...खूबसूरत बाइक खरीद लो.' अब रिद्धि के सोशल मीडिया के इन्हीं पोस्ट पर लोग इस दिल को झकझोर देने वाली खबर शेयर कर रहे हैं और अपना दुख व्यक्त कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT


