आप भी जब ऑनलाइन फूड ऑर्डर करते है, तो एकदम आराम से बैठ जाते हैं क्योंकि डिलीवरी बॉय आपके गेट तक खाना पहुंचा जाता है. लेकिन मुंबई के चेंबूर से एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसके बाद आप भी हैरान हो सकते है. दरअसल, चेंबूर के तिलक नगर स्थित 'अक्षय को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी' की लिफ्ट में एक डिलीवरी बॉय ने ऐसी घिनौनी हरकत की है, जिसे लेकर बवाल मचा हुआ है. मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं की सुरक्षा और डिलीवरी बॉय के वेरिफिकेशन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए है. आइए विस्तार से जानते हैं आखिर क्या है पूरा मामला.
ADVERTISEMENT
सीसीटीवी से खुला मामले का राज
मामला सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे का बताया जा रहा है. 'अक्षय को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी' के ही एक सदस्य ने सोसाइटी ग्रुप में लिफ्ट से तेज बदबू आने की जानकारी दी. सूचना मिलते ही हाउसकीपिंग स्टाफ और कुछ निवासी लिफ्ट के पास पहुंचे. पहले उन्हें लगा कि शायद किसी पालतू जानवर और कुत्ते ने लिफ्ट में गंदगी की, जिससे बदबू आ रही है. लेकिन मामले की सच्चाई जानने के लिए जब सीसीटीवी खंगाला गया तो सभी भौंचक्के रह गए.
दिखी डिलीवरी बॉय की शर्मनाक करतूत
सोसायटी के ही एक निवासी गिरीश के मुताबिक, जब सीसीटीवी देखा गया तो उसमें खाने पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय लिफ्ट के अंदर ही पेशाब कर रहा था. इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने वहीं पेशाब अपने हाथ पर भी किया और फिर उसे पी गया. इस फुटेज के सामने आते ही पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया और लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की. फिर तुरंत ही हाउसकीपिंग स्टाफ से इस लिफ्ट की सफाई कराई गई, क्योंकि दिन भर में इससे कई लोग आते-जाते है.
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कंपनी को किया टैग
घटना के सामने आने के बाद सोसाइटी मैनेजमेंट ने मामले को दबाने की जगह इसकी गंभीरता को समझते हुए वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया. साथ ही उन्होंने जोमैटो मैनेजमेंट और स्थानीय अधिकारियों को भी टैग किया. सोसाइटी के लोगों ने बताया कि, कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क होने पर बस केवल इतना बताया गया कि उस डिलीवरी बॉय को काम से हटा दिया है. लेकिन निवासियों का कहना है कि केवल डिलीवरी बॉय को काम ने निकालना काफी नहीं है. बल्कि जिस कस्टमर के घर खाना डिलीवर हुआ और जिस तरीके से सोसाइटी की स्वच्छता से खिलवाड़ हुआ है, उसके प्रति कंपनी को जवाबदेही तय करनी चाहिए.
पुलिस में होगी मामले की शिकायत
घटना के बाद जब डिलीवरी बॉय के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो वह नंबर अमान्य पाया गया. सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. निवासियों की मांग है कि सार्वजनिक स्थान पर अस्वच्छता फैलाने और इस तरह के घृणित व्यवहार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी डिलीवरी कर्मी ऐसी हरकत करने की जुर्रत न कर सके.
ADVERTISEMENT


