नासिक के हीरावाड़ी इलाके में शुक्रवार यानी 15 मई की रात एक ज्वेलरी शॉप में फिल्मी स्टाइल में लूट की कोशिश की गई. हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर फायरिंग की और कट्टे की बट से कर्मचारी का सिर फोड़ दिया. लेकिन लुटेरों का सामना एक ऐसी लेडी सिंघम से हो गया कि उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा. दुकान की महिला मालिक के इस साहसी कदम की वजह से बदमाश एक बड़ी डकैती को अंजाम देने में नाकाम रहे.
ADVERTISEMENT
यह पूरी सनसनीखेज वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जब बंद होने वाली थी दुकान, तभी कट्टा तानकर घुसे डकैत
घटना रात के करीब 9:30 बजे की है, जब हीरावाड़ी जैसे घने रिहाइशी इलाके में स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान को बंद करने की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर छह नकाबपोश बदमाश वहां आ धमके. उस वक्त दुकान के अंदर महिला मालकिन नयना पगारिया, एक महिला स्टाफ और उनका पुरुष सहयोगी श्रीमाल मौजूद थे.
बदमाशों ने अंदर घुसते ही तीनों पर बंदूकें तान दीं और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने लगे. इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से बदमाशों ने हवा में एक राउंड गोली भी चलाई.
कट्टे की बट से किया वार, पर भारी पड़ी महिला की बहादुरी
बदमाशों को देखकर कर्मचारी श्रीमाल ने हिम्मत दिखाई और उन्हें पकड़ने की कोशिश की. इस पर एक लुटेरे ने कट्टे की बट से श्रीमाल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया. अपने कर्मचारी को खून से लथपथ देख दुकान की मालकिन नयना पगारिया डरी नहीं, बल्कि उनका गुस्सा भड़क गया.
नयना बदमाशों को सबक सिखाने के लिए सीधे काउंटर से कूदकर उनकी तरफ झपट पड़ीं. एक महिला को इस तरह शेरनी की तरह आगे बढ़ते देख छहों हथियारबंद बदमाश बुरी तरह घबरा गए. पकड़े जाने के डर से वे काउंटर पर बिखरा थोड़ा-बहुत सामान समेटकर तुरंत अपनी बाइकों से रफूचक्कर हो गए.
नाकाबंदी कर दो दबोचे, चार की तलाश जारी
वारदात की लाइव फुटेज सामने आने के बाद पंचवटी पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रात में ही पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई. पुलिस ने घेराबंदी करके कुछ ही घंटों में दो लुटेरों को हिरासत में ले लिया.
पुलिस उपायुक्त (DCP) मोनिका राउत ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. वारदात में शामिल फरार चल रहे बाकी चार बदमाशों को दबोचने के लिए पुलिस की कई स्पेशल टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
रात की गश्त बढ़ाने की मांग
इस वारदात के बाद से हीरावाड़ी के स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में काफी गुस्सा और डर का माहौल है. लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ी है और चोरी व रेकी की घटनाएं सामने आ रही थीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय कॉर्पोरेटर गौरव गोवर्धन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रिहाइशी और व्यापारिक इलाकों में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग (गश्त) को तुरंत बढ़ाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
यहां देखें वीडियो:
ADVERTISEMENT


