CUET UG 2026 Exam Delayed: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. देश में पहले से ही मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) को लेकर उपजा विवाद शांत भी नहीं हुआ था कि अब एजेंसी एक और बड़ी परीक्षा को लेकर चर्चा में आ गई है.
ADVERTISEMENT
शनिवार, 30 मई 2026 को देश के कई केंद्रों पर आयोजित की गई सीयूईटी यूजी (CUET-UG) परीक्षा में भारी अव्यवस्था देखने को मिली. तकनीकी खराबी के कारण सुबह की शिफ्ट का पेपर समय पर शुरू नहीं हो सका, जिसका सीधा असर दोपहर की शिफ्ट पर भी पड़ा है.
दोपहर की शिफ्ट का समय बदला
परीक्षा केंद्रों पर हुई इस बड़ी चूक के बाद NTA ने तुरंत एक्शन लेते हुए नया शेड्यूल जारी किया है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा को अब एक घंटा आगे बढ़ाकर शाम 4 बजे तय किया गया है. एजेंसी ने सोशल मीडिया पर इस बदलाव की जानकारी देते हुए छात्रों और उनके अभिभावकों से असुविधा के लिए खेद जताया है.
TCS की ओर से आई तकनीकी खराबी
इस पूरे मामले पर अपडेट देते हुए NTA ने बताया कि परीक्षा कराने वाली कंपनी TCS (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) की तरफ से एक तकनीकी गड़बड़ी (Technical Glitch) सामने आई थी. इसी वजह से कुछ केंद्रों पर परीक्षा तय समय पर शुरू नहीं की जा सकी. हालांकि, एजेंसी का कहना है कि अब इस समस्या को पूरी तरह सुलझा लिया गया है.
छात्रों को मिलेगा पूरा समय: NTA
लगातार विवादों में घिरी एनटीए ने उम्मीदवारों को भरोसा दिलाया है कि इस देरी से उनका नुकसान नहीं होने दिया जाएगा. एजेंसी ने साफ किया है कि जिन छात्रों की परीक्षा देरी से शुरू हुई है, उन्हें पेपर हल करने के लिए पूरा और अतिरिक्त समय (Compensatory Time) दिया जाएगा. परीक्षा केंद्रों पर किसी भी उम्मीदवार का समय बर्बाद नहीं होगा.
ADVERTISEMENT


