उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान ने रचाई शादी, खुद सोशल मीडिया पर दी जानकारी

अलका कुमारी

31 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 31 2026 4:19 PM)

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मशहूर पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है. इस बात की घोषणा उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए की है. बता दें कि इसी साल उनका अपनी पहली पत्नी पायल नाथ से तलाक हुआ था.

Omar Abdullah, Nidhi Razdan
Omar Abdullah, Nidhi Razdan
Google CTA

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है. उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर अपनी शादी की जानकारी दी. उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'एक नई यात्रा कल शुरू हुई.' इस पोस्ट के साथ उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया है.

Read more!

उमर अब्दुल्ला की शादी की खबर सामने आने के बाद उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है. खास बात यह है कि उनकी पहली पत्नी पायल नाथ से इसी साल जुलाई में तलाक हुआ था. इसके करीब तीन महीने बाद उन्होंने निधि राजदान के साथ अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है.

इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर कर दी शादी की जानकारी

उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को अपने सोशल मीडियाअकाउंट पर तस्वीर पोस्ट की. इसके साथ उन्होंने अपनी नई जिंदगी की शुरुआत का जिक्र किया. पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'एक नई यात्रा कल शुरू हुई.' उन्होंने इस पोस्ट में पत्रकार निधि राजदान को भी टैग किया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ने 30 अक्टूबर को शादी की. हालांकि, शादी समारोह से जुड़ी अन्य जानकारियां फिलहाल सामने नहीं आई हैं.

पायल नाथ से इसी साल हुआ था तलाक

उमर अब्दुल्ला की पहली शादी पायल नाथ से हुई थी. दोनों की शादी साल 1994 में हुई थी. उनकी मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में हुई थी. उस समय दोनों वहीं काम करते थे. इस शादी से उनके दो बेटे जाहिर और जमीर हैं. हालांकि, उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ के रिश्ते में बाद में दूरी आ गई. दोनों साल 2009 से अलग रह रहे थे. उमर अब्दुल्ला ने साल 2011 में सार्वजनिक रूप से अलग होने की जानकारी दी थी. इसके बाद तलाक का मामला अदालत पहुंचा.

सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई में दी थी तलाक की मंजूरी

उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ के तलाक पर सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई 2026 को फैसला सुनाया था. दोनों पक्ष आपसी सहमति से अलग होने के लिए तैयार हो गए थे. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी विशेष शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए तलाक को मंजूरी दे दी.

इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उमर अब्दुल्ला की तलाक याचिका खारिज कर दी थी. इसके खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था. सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अपने विवाद खत्म करने और एक-दूसरे के खिलाफ लंबित मामलों को वापस लेने पर सहमति जताई थी.

अब तलाक के करीब तीन महीने बाद उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है. सोशल मीडिया पर साझा की गई उनकी पोस्ट से इस नई शुरुआत की जानकारी सामने आई है.

 

हरियाणा में कश्मीर जा रही बस पर पथराव, बुजुर्ग यात्री घायल; उमर अब्दुल्ला ने की कार्रवाई की मांग