LPG Price Hike: जून महीने की शुरुआत कारोबारियों के लिए महंगाई की एक और खबर लेकर आई है. तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें आज यानी 1 जून से लागू हो गई हैं, जिसके बाद होटल, रेस्तरां, ढाबे और गैस पर निर्भर अन्य व्यवसायों की लागत बढ़ना तय माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये का इजाफा किया गया है. अब ये सिलेंडर 3,113.50 रुपये में मिलेगा. वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3,255.50 रुपये हो गई है. लगातार बढ़ती कीमतों के कारण दोनों शहरों में कमर्शियल एलपीजी के दाम अब रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुके हैं.
व्यापारियों की चिंता बढ़ी
व्यापारियों के लिए चिंता की बात ये है कि यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब पहले से ही ईंधन, परिवहन और अन्य ऑपरेटिंग एक्सपेंसेज लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में गैस की नई कीमतें छोटे और बड़े दोनों कारोबारों पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती हैं.
5 किलोग्राम वाले सिलेंडर भी महंगे
सिर्फ बड़े सिलेंडर ही नहीं, बल्कि छोटे 5 किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर (फ्री ट्रेड एलपीजी) भी महंगे हो गए हैं. तेल कंपनियों ने इसकी कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी की है. नई दरों के मुताबिक दिल्ली में यह सिलेंडर अब 821.50 रुपये में मिलेगा. इस सिलेंडर का इस्तेमाल छोटे व्यापारियों के साथ-साथ कई घरेलू और अस्थायी जरूरतों के लिए भी किया जाता है.
हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी घरों में इस्तेमाल होने वाली रसोई गैस फिलहाल पुराने दामों पर ही उपलब्ध रहेगी.
कुछ महीनों से लगातार बढ़ रही है कीमत
अगर पिछले कुछ महीनों पर नजर डालें तो कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है. जनवरी 2026 में दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,691.50 रुपये थी. इसके बाद फरवरी में 49 रुपये, मार्च में 115 रुपये और अप्रैल में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई. मई महीने में तो कीमतों में एक साथ 993 रुपये का बड़ा उछाल देखने को मिला था. अब जून में फिर 42 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई है.
लगातार बढ़ती गैस कीमतों ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. आने वाले दिनों में इसका असर खाने-पीने की चीजों और अन्य सेवाओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: CBSE OSM विवाद: हमें देश विरोधी और पाकिस्तानी कहा गया..., राहुल गांधी से मिलकर छलका 12वीं के छात्र वेदांत का दर्द
ADVERTISEMENT


