उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 'कौशल दीक्षांत समारोह' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर अपने खास अंदाज से लोगों का ध्यान खींचा. इस मंच से उन्होंने न केवल युवाओं को हुनर और रोजगार का मंत्र दिया, बल्कि करीब साल भर पहले सोना न खरीदने को लेकर दी गई अपनी एक पुरानी सलाह की भी याद दिलाई. पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा कि उस वक्त उनकी इस बात का खूब मजाक उड़ाया गया था, लेकिन आज वही लोग आकर शुक्रिया अदा कर रहे हैं क्योंकि सोने के दाम गिरने से उनकी गाढ़ी कमाई बच गई.
ADVERTISEMENT
शास्त्री जी की अपील से की तुलना
सोने की खरीदारी कम करने वाली अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री ने इसकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के ऐतिहासिक आह्वान से की. उन्होंने याद दिलाया कि कैसे शास्त्री जी के एक कहने पर पूरे देश ने एक वक्त का खाना छोड़ना स्वीकार कर लिया था. ठीक उसी भरोसे के साथ देशवासियों ने पीएम मोदी की बात भी मानी और बिना जरूरत सोना खरीदना टाल दिया, जिसका फायदा आज उन्हें साफ दिख रहा है. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहे.
सिर्फ कागजी डिग्री नहीं, हाथ का हुनर दिलाएगा पहचान
युवाओं से सीधे संवाद करते हुए पीएम मोदी ने दशकों पुरानी सोच पर भी चोट की. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी गुलामी की मानसिकता के चलते हमारे यहां सिर्फ डिग्रियों और सर्टिफिकेट्स को ही सब कुछ मान लिया गया, जबकि असली हुनर पीछे छूट गया.
अपनी बात को समझाने के लिए उन्होंने दादाजी धर्माधिकारी की किताब का एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाया. किस्सा कुछ यूं था कि एक पोस्ट ग्रेजुएट नौजवान नौकरी की सिफारिश लगवाने पहुंचा और बार-बार अपनी बड़ी डिग्री की दुहाई देने लगा. जब उससे पूछा गया कि क्या उसे गाड़ी चलानी या खाना बनाना आता है, तो वह बगलें झांकने लगा. पीएम ने साफ किया कि अब दौर बदल चुका है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से नौकरी जाने का डर उन्हीं को है जिनके पास सिर्फ डिग्री है; जिसके हाथों में असली कौशल है, उसका रोजगार दुनिया की कोई ताकत नहीं छीन सकती.
विदेशों की चमक के पीछे भारतीय कारीगरों का पसीना
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के कुशल कामगारों की तरफ उम्मीद से देख रही है. सऊदी अरब, दुबई, अबू धाबी और कतर जैसे देशों की आधुनिक इमारतों और भव्य शहरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें बनाने में हमारे भारतीय कारीगरों की मेहनत लगी है. वहां के शाही परिवार भी हमारे कामगारों के हुनर के कायल हैं.
उन्होंने आगे कहा कि अगले 20 साल भारत के लिए बेहद निर्णायक हैं और 'विकसित भारत' का सपना तभी सच होगा जब हम कौशल को सम्मान देंगे. यही वजह है कि पहले सिर्फ बड़े कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में होने वाले दीक्षांत समारोह की परंपरा को अब ITI के छात्रों के लिए भी शुरू किया गया है. पीएम के मुताबिक, उन्हें ITI के युवाओं की उंगलियों में नए भारत की ताकत नजर आती है, और देश के लिए IIT और ITI दोनों ही बराबर की अमानत हैं.
यूपी में 17 लाख युवाओं को मिली ट्रेनिंग: सीएम योगी
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे युवा राज्य बताया. उन्होंने जानकारी दी कि 'यूपी कौशल विकास मिशन' के जरिए अब तक 17 लाख से ज्यादा नौजवानों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है, जिनमें से 7 लाख से अधिक युवाओं को कैंपस सिलेक्शन के माध्यम से रोजगार भी मिल चुका है. सीएम योगी ने यह भी ऐलान किया कि प्रदेश के हर जिले में 'सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन' तैयार किए जा रहे हैं, ताकि उद्योगों की मांग के हिसाब से कुशल युवा तैयार हो सकें.
कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने लखनऊ को इस आयोजन के लिए चुनने पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की सराहना की और कहा कि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते यह पल उनके लिए बेहद गर्व भरा है.
ADVERTISEMENT


