"मैं इस नफरत का हकदार हूं..." 370 रुपये की बिरयानी विवाद पर कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने वीडियो जारी कर मांगी दोबारा माफी

स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने 370 रुपये बिरयानी विवाद पर वीडियो जारी कर दोबारा माफी मांगी है और स्वीकार किया है कि वे जनता के गुस्से के हकदार हैं.

प्रणीत मोरे
प्रणीत मोरे

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे (Pranit More) ने सोशल मीडिया पर भारी विरोध और ट्रोलिंग के बाद '370 बिरयानी विवाद' पर एक बार फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. इंस्टाग्राम पर एक वीडियो बयान जारी करते हुए प्रणीत ने स्वीकार किया कि उनसे फैसले में एक बड़ी चूक हुई थी और वे जनता से मिल रहे गुस्से और नफरत के पूरी तरह हकदार हैं. 

Read more!

क्या था पूरा मामला?

यह पूरा विवाद प्रणीत मोरे के एक शो के दौरान शुरू हुआ था. शो में आए हिमांशु जांगड़ा नाम के एक लड़के ने बातचीत के दौरान 370 रुपये की बिरयानी को लेकर कुछ ऐसी आपत्तिजनक और अपमानजनक बातें कह दी थीं, जिससे सोशल मीडिया पर लोगों की भावनाएं आहत हुईं. उस समय प्रणीत ने उस लड़के को टोकने के बजाय उसकी बातों को आगे बढ़ाया, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा. 

इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने के कारण हुई देरी

अपने ताजा वीडियो में प्रणीत ने माफी मांगने में हुई देरी की वजह भी बताई. उन्होंने कहा, "नमस्ते, बात यह है कि मैं यह बात काफी समय से कहना चाहता था, लेकिन मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था. आप सबने मेरा वह क्राउडवर्क वीडियो देखा होगा, जिसकी वजह से मुझे काफी नफरत मिल रही है. सच कहूं तो मुझे लगता है कि मैं इस नफरत के लायक भी हूं."

चाहता तो उसे वहीं रोक सकता था

अपनी गलती को खुलकर स्वीकार करते हुए प्रणीत ने आगे कहा, "जब मैं उस लड़के के साथ स्टेज से बात कर रहा था, तब उसने काफी आपत्तिजनक बातें कहीं और वहां मौजूद बाकी लोग भी उस पर हंस रहे थे. मुझे लगता है कि यही मेरी सबसे बड़ी गलती थी. मैं चाहता तो उसे उसी वक्त और वहीं पर रोक सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया मैंने उसे अपनी बात रखने के लिए एक मंच (प्लेटफॉर्म) दे दिया, जिससे चीजें इतनी ज्यादा बिगड़ गईं."

कानूनी कार्रवाई में सहयोग और एक और मौके की अपील

प्रणीत ने उन सभी लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगी है जिन्हें इस वीडियो के कारण ठेस पहुंची है. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस मामले को लेकर उनके खिलाफ जो भी कानूनी शिकायतें या कार्रवाई चल रही हैं, वे उसमें पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं. वीडियो के आखिर में भावुक होते हुए कॉमेडियन ने जनता से एक और मौके की गुहार लगाई. उन्होंने कहा, "मैं आप सभी से बस यही गुजारिश करता हूं कि मुझे खुद को सुधारने का एक और मौका दिया जाए. मैं आगे से एक बेहतर इंसान और जिम्मेदार कलाकार बनकर दिखाऊंगा."


 

    follow google news