कौन हैं आकृति अग्रवाल जिन्हें चुप रहकर बेवफाई बर्दाश्त करना मंजूर नहीं, पृथ्वी शॉ के बारे में कौन सी अफवाहें वो 100% सच निकली?

रूपक प्रियदर्शी

07 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 7 2026 8:51 AM)

क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकृति अग्रवाल के बीच मार्च 2026 में हुई सगाई, आकृति द्वारा पृथ्वी पर बेवफाई के आरोप लगाने के बाद महज 4 महीने में ही टूटने की कगार पर पहुंच गई है. विवादों और गिरते फॉर्म से जूझ रहे पृथ्वी शॉ के क्रिकेट करियर के बाद अब उनकी निजी जिंदगी में भी इस हाई-प्रोफाइल ब्रेकअप के कारण बड़ा तूफान आ गया है.

आकृति अग्रवाल- पृथ्वी शॉ
आकृति अग्रवाल- पृथ्वी शॉ
Google CTA

बिल्कुल सही कहा जाता है कि प्यार और शादी भरोसे की बुनियाद पर टिके होते हैं. जब प्यार और शादी में भरोसे की बुनियाद हिल जाए तो प्यार कितना भी गहरा क्यों न हो, उसकी शेल्फ लाइफ खत्म होती ही है. प्यार की ऐसी ही एक दीवार गिरी है जिसके बारे में जानकर, देखकर हर कोई सन्न है. 2025 में शुरू हुई एक खूबसूरत लव स्टोरी जो मार्च तक सगाई तक पहुंच गई. लेकिन महज 4 महीने के भीतर ताश के पत्तों की तरह बिखरने की कगार पर पहुंच गई वही लव स्टोरी. 

Read more!

लव स्टोरी को मिलकर जवां कर रहे थे क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल. फिर न जाने क्या हुआ कि आकृति अग्रवाल ने बेहद बोल्ड डिसीजन लेते हुए आधी रात को सोशल मीडिया पर आकर पृथ्वी शॉ पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए ब्रेक अप अनाउंस कर दिया. इसे अनाउंसमेंट भी नहीं कहना चाहिए. आकृति अग्रवाल ने सगाई के बाद भी बार-बार मिल रहे धोखे के खिलाफ बगावत की है. 

आखिर क्या है इस हाई-प्रोफाइल सगाई के टूटने की इनसाइड स्टोरी? कौन हैं वो आकृति अग्रवाल जिन्होंने आत्मसम्मान के लिए इतना बड़ा कदम उठाकर सेंसेशन बनीं. चर्चित चेहरा तो तब से बन गईं जब पृथ्वी शॉ जैसी सेलिब्रिटी से रिश्ता जुड़ा. अब उसी रिश्ते तो तोड़कर फिर चर्चित चेहरा बनीं हैं आकृति अग्रवाल. पृथ्वी शॉ का डेब्यू हुआ तो इंडियन क्रिकेट का अगला 'सचिन तेंदुलकर' कहा गया, आज वो अपनी बल्लेबाजी नहीं बल्कि निजी जिंदगी के सबसे बड़े तूफान को लेकर सुर्खियों में है. मार्च में जिस हमसफर के साथ उन्होंने जिंदगी की 'परफेक्ट इनिंग्स' शुरू की थी, महज 4 महीने बाद ही वो पारी बिखरती नजर आ रही है. मंगेतर ने लगाया है धोखे का गंभीर आरोप! 

हर कोई जानना चाहता है कि आखिर कौन हैं आकृति अग्रवाल, जिन्होंने पृथ्वी शॉ जैसे स्टार क्रिकेटर के खिलाफ इतना बड़ा कदम उठाया है? बस 23 साल की हैं आकृति अग्रवाल जो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और एक उभरती हुई एक्ट्रेस हैं. 2 मई 2003 को लखनऊ में जन्मीं आकृति बाद में अपने परिवार के साथ मुंबई शिफ्ट हो गईं. उन्होंने मुंबई से ही 'बैचलर ऑफ Management Studies की पढ़ाई पूरी की. कोरोना लॉकडाउन के दौरान उन्होंने डांस और लिप-सिंक वीडियो से इंटरनेट पर जबरदस्त पहचान बनाई. आज इंस्टाग्राम पर उनके 31 लाख यानी 3.1 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. 2022 में टीवी शो छोटी सरदारनी और 2025 में साइको थ्रिलर फिल्म 'त्रिमुखा से एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रख चुकी हैं. पृथ्वी शॉ से सगाई के बाद एक और पहचान जुड़ी कि वो स्टार की मंगेतर हैं. हालांकि सोशल मीडिया की दुनिया में खुद एक बड़ा ब्रैंड हैं. 

सोशल मीडिया पर पर्सनल लाइफ शेयर करने से बचते हैं सेलिब्रिटी

आम तौर सेलिब्रिटीज पर्सनल लाइफ में ऊंच-नीच होने पर पार्टनर, मीडिया और सोशल मीडिया से दूरी बना लेते हैं, लेकिन आकृति अग्रवाल ने बोल्ड स्टैंड लिया. सगाई के बाद भी पृथ्वी शॉ पर बार-बार धोखे का शक हुआ तो उन्होंने आधी रात को ब्लैक बैकग्राउंड पर दिल का दर्द बयां कर दिया. आकृति अग्रवाल ने अपने डिलीट हो चुके पोस्ट में लिखा-मुझे कई बार धोखा दिया गया, लेकिन मैंने कभी एक शब्द नहीं बोला. मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि जिंदगी में एक कदम आगे बढ़ने (सगाई) के बाद भी ऐसा हुआ. सोशल मीडिया पर उनके बारे में जो भी अफवाहें चल रही हैं, वो 100% सच हैं.  

हालांकि बाद में उन्होंने इस स्टोरी को डिलीट कर दिया और एक और पोस्ट में खुद को मिसअंडरस्टूड बताया. इंटरनेट के लिए इतना सब मसाला काफी बन गया ये मान लेने के लिए पृथ्वी शॉ-आकृति की लव स्टोरी ब्रेकअप की ओर बढ़ रही है. सगाई हुई है, शादी होगी या नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं. सोशल मीडिया पर दावों का बाजार गर्म हो गया. दावे हैं कि दोनों ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो भी कर दिया है और अपनी सगाई की तस्वीरें तक हटा दी हैं. इंटरनेट पर अफवाहें तो यहां तक हैं कि बहुत सारी लड़कियों से शॉ की रिलेशनशिप रहे हैं इसीलिए ये रिश्ता टूट गया. 

मार्च में पहली बार पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी में एक साथ नजर आए थे. तब पहली बार दिखा था पावर कपल. पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल की पहली मुलाकात 2025 की शुरुआत में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए मुंबई में हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. दोनों को अक्सर मुंबई के रेस्टोरेंट्स, हाई-प्रोफाइल पार्टियों और वेकेशंस पर साथ स्पॉट किया जाने लगा, जिससे इनके रिश्ते की अफवाहों को हवा मिली. 

मार्च 2026 में हुई थी सगाई

मार्च 2026 में हुई अपनी सगाई से ठीक तीन दिन पहले, इस कपल ने सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी और रिसेप्शन के जश्न में एक साथ धमाकेदार एंट्री की थी. शादी समारोह में दोनों के रॉयल लुक ने पैपराजी और मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था. अर्जुन तेंडुलकर की शादी के 3 दिन बाद दोनों ने मार्च में प्राइवेट सेरेमनी में अपनी रिलेशनशिप को सगाई का नाम दे दिया. पृथ्वी और आकृति ने अपने परिवार और बेहद करीबी दोस्तों की मौजूदगी में रिंग सेरेमनी की. सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते ही दोनों फैंस ने परफेक्ट मैच बताया , लेकिन किसे पता था कि 2025 में शुरू हुआ हसीन सफर जुलाई आते-आते इस तरह कड़वाहट के साथ बिखर जाएगा.

जो हो रहा है वो पृथ्वी शॉ के लिए बहुत बुरा है. क्रिकेट करियर पहले से डांवाडोल चल रहा है. पृथ्वी ने बड़े ही अरमानों के साथ एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकृति अग्रवाल के साथ सगाई की थी. दोनों ने तस्वीरें शेयर कर दुनिया को अपनी इस नई शुरुआत के बारे में बताया था, लेकिन जुलाई 2026 की एक रात ने सबकुछ बदल कर रख दिया. आकृति अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद दर्दभरा और चौंकाने वाला पोस्ट शेयर किया. हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा साफ था.

विवादों में आते रहे हैं पृथ्वी शॉ

पृथ्वी शॉ का विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है, और इसमें सबसे बड़ा नाम है साल 2023 का 'सपना गिल विवाद'. मुंबई के एक नामी क्लब के बाहर सेल्फी लेने को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल और उनके दोस्तों के साथ पृथ्वी शॉ की सरेआम हाथापाई हुई थी, जिसका वीडियो पूरे देश ने देखा था. इस मामले ने बड़ा कानूनी मोड़ तब लिया जब सपना गिल को पुलिस ने गिरफ्तार किया, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद सपना ने पृथ्वी शॉ पर Molestation और आपराधिक मानहानि के गंभीर आरोप लगाते हुए अंधेरी कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. हालांकि, मुंबई पुलिस ने कोर्ट में अपनी जांच रिपोर्ट सौंपते हुए साफ किया था कि पृथ्वी शॉ पर लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं और पब के सीसीटीवी फुटेज में भी ऐसा कुछ नहीं मिला. इस कानूनी लड़ाई ने पृथ्वी की मानसिक स्थिति और छवि को गहरा नुकसान पहुंचाया था.

 पृथ्वी शॉ का करियर किसी रोलर-कोस्टर राइड जैसी रही है. 2018 में  पृथ्वी शॉ का तूफान आया था जब उनकी कप्तानी में भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता.  उसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू टेस्ट मैच में ही शतक जड़कर टेस्ट डेब्यू पर सेंचुरी लगाने वाले सबसे युवा भारतीय बने. उस वक्त कहा जाने लगा कि टीम इंडिया को उसका नया सचिन तेंदुलकर मिल गया है. लेकिन जो हो हुआ वो बहुत कम यंग ब्राइट डायनामिक लोगों के साथ होता है. 

 पृथ्वी शॉ के पतन की कहानी 2019 में शुरू हुई, जब अनजाने में प्रतिबंधित कफ सिरप लेने के कारण बीसीसीआई ने 8 महीने का डोपिंग बैन लगा दिया. उस झटके के बाद उनका करियर कभी संभल नहीं पाया. खराब फिटनेस, और लगातार गिरते फॉर्म के कारण वो टीम इंडिया की रेस से पूरी तरह बाहर हो गए. हद तो तब हो गई जब डोमेस्टिक क्रिकेट में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने भी ड्रॉप कर दिया. गिरते करियर को बचाने में काम आया उनका महाराष्ट्र क्रिकेट टीम में सेलेक्शन. उन्होंने अच्छी पारियां खेली लेकिन वो सब वापसी के लिए नाकाफी थी. 

आईपीएल में पृथ्वी शॉ का यह पतन इसलिए भी हैरान करने वाला है, क्योंकि ये वही खिलाड़ी है जिसे  2022 के मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने 6 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम देकर रिटेन किया था. उस दौर में कोच रिकी पोंटिंग के सबसे भरोसेमंद रहे पृथ्वी के बल्ले से रनों की बरसात होती थी लेकिन बेजान फॉर्म के चलते 6 करोड़ का ये स्टार खिलाड़ी 2025 के ऑक्शन में सीधे अर्श से फर्श पर आ गिरा. 

75 लाख में भी कोई खरीदने के लिए तैयार नहीं हुआ तो अनसोल्ड रह गए पृथ्वी शॉ. हालांकि आईपीएल 2026 में पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 75 लाख के बेस प्राइस पर दोबारा खरीदकर एक आखिरी जीवनदान जरूर दिया. सबको उम्मीद थी कि वापसी कर लेंगे लेकिन शॉ का बल्ला इतना शांत रहा कि सीजन के बीच में प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप हो गए. 

शॉ ने खुद माना था कि गलत संगत और गलत फैसलों की वजह से उनका ध्यान क्रिकेट से भटक गया था. प्रतिभा की कोई कमी नहीं थी, शॉट्स में वो कशिश थी जो बड़े-बड़े दिग्गजों को हैरान कर देती थी. लेकिन अनुशासन की कमी, मैदान के बाहर के विवाद, सपना गिल के साथ कानूनी पचड़े, आईपीएल 2026 की नाकामी और अब निजी जिंदगी में आया यह भूचाल पृथ्वी शॉ के करियर को पूरी तरह बर्बाद करने की राह पर है. हालांकि, सगाई टूटने के इन दावों पर अभी तक न तो पृथ्वी शॉ और न ही आकृति अग्रवाल ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है. देखना होगा कि पृथ्वी आकृति के साथ मिलकर इस दौर को भी झेल पाएंगे या नहीं.