पुणे में हैवानियत की हदें पार: 65 साल के बुजुर्ग ने 4 साल की मासूम से किया रेप, फिर पत्थर से कुचला

पुणे की भोर तहसील में 65 साल के बुजुर्ग ने 4 साल की बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. आरोपी ने शव को तबेले के गोबर के ढेर में छिपा दिया था. सीसीटीवी की मदद से आरोपी पकड़ा गया.

pune
pune

अभिजीत करंडे

follow google news

पुणे के भोर तहसील से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 65 साल के बुजुर्ग ने पहले 4 साल की मासूम के साथ दरिंदगी की और उसके बाद पकड़े जाने के डर से उसकी बेरहमी से हत्या भी कर दी. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव है और ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है.

Read more!

नानी के घर आई थी मासूम

मिली जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय बच्ची गर्मी की छुट्टियां मनाने अपनी नानी के घर आई हुई थी. शनिवार को वह घर के आंगन में खेल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाले 65 वर्षीय भीमराव कांबले ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर के पास स्थित एक तबेले में बुला लिया.

हैवानियत के बाद कर दी हत्या!

आरोप है कि बुजुर्ग ने तबेले के भीतर मासूम के साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद अपनी पहचान छुपानी की नीयत से उसने पत्थर से वार कर बच्ची को मौत के घाट उतार दिया. दरिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई; आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए बच्ची के शव को तबेले में मौजूद गोबर के ढेर के नीचे दबा दिया.

CCTV फुटेज से खुला राज

काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. पूरे गांव में तलाश करने के बाद जब पुलिस को सूचना दी गई तो पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में आरोपी बच्ची को तबेले की ओर ले जाता हुआ दिखाई दिया. जब पुलिस और परिजनों ने तबेले की तलाशी ली तो गोबर के ढेर के नीचे मासूम का शव बरामद हुआ. शव को देखते ही परिवार में कोहराम मच गया.

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

वारदात की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए. आक्रोशित ग्रामीण आरोपी को उनके हवाले करने और उसे फांसी की सजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं. ग्रामीणों का गुस्सा इतना ज्यादा है कि उन्होंने तबेले के सामने डेरा डाल दिया है और शव को उठाने से भी इनकार कर दिया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी भीमराव कांबले को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है.

    follow google news