केतन अग्रवाल मर्डर: इंदौर की सोनम रघुवंशी केस जैसा हूबहू पैटर्न, पर मंगेतर सिया की इस एक चूक ने बिगाड़ा खेल

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं बल्कि उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी की साजिश थी. सिया ने केतन को लोहागढ़ किले की खाई में धक्का देकर मार डाला. यह मामला इंदौर के सोनम रघुवंशी केस जैसा है, जहां सोशल मीडिया पर खुश दिखने वाले कपल के पीछे खूनी राज छिपा था.

Ketan Agarwal Pune
Ketan Agarwal Pune

श्रीकृष्ण पांचाल

follow google news

कहते हैं इतिहास खुद को दोहराता है, लेकिन अपराध की दुनिया में इतिहास का इस तरह दोहराया जाना हर किसी को झकझोर गया है. महाराष्ट्र के पुणे में हुए युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत के मामले ने एक बार फिर इंदौर के मशहूर सोनम रघुवंशी केस की यादें ताजा कर दी हैं. बाहर से बेहद खुश दिखने वाले इस रिश्ते का अंत 350 फीट गहरी खाई में जाकर होगा, ऐसा केतन के परिवार ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था.

Read more!

हादसे का नाटक और पुलिस का बड़ा खुलासा

शुरुआत में सभी तो यह एक हादसा लग रहा था. इस केस में पुलिस को बताया गया था कि केतन अग्रवाल लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान फोटो खींचते समय पैर फिसलने से 400 फीट गहरी खाई में गिर गए. खुद मंगेतर सिया गोयल ने पुलिस को यही कहानी सुनाई थी. लेकिन जब पुणे पुलिस ने गहराई से जांच की, तो परतें खुलती चली गईं. पुलिस का दावा है कि सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया था. पुलिस ने अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

बहन के एक शक से घूमी जांच की सुई

पुलिस के मुताबिक, केतन के अंतिम संस्कार के चार दिन बाद सिया गोयल उनके घर पहुंची थी. वहां बातचीत के दौरान केतन की बहन ने सिया से कुछ सवाल पूछे. सिया के जवाबों में संदिग्ध लगा और कुछ घबराहट देखकर बहन को गहरा शक हुआ. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने गुपचुप तरीके से अपनी जांच को आगे बढ़ाया और उन कड़ियों को जोड़ना शुरू किया जो अब तक छिपी हुई थीं.

इंदौर के सोनम रघुवंशी केस से हूबहू मिलते पैटर्न

सिया और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर लोग तुरंत इंदौर की सोनम रघुवंशी को याद करने लगे. इन दोनों मामलों में हैरान कर देने वाली समानताएं भी देखने को मिल रही है.

1. सोनम और राजा रघुवंशी की तरह ही सिया और केतन के भी कई रोमांटिक और डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. इन्हें देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता था कि पीछे मौत की स्क्रिप्ट लिखी जा रही है.

2. सोनम अपने पति राजा को पहाड़ों पर ले गई थी तो सिया अपने मंगेतर केतन को किले की ट्रैकिंग पर लेकर गई.

3. दोनों ही मामलों में हंसते-खेलते रिश्ते के बीच एक प्रेमी की एंट्री हुई, जिसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया.

4. केतन की मौत के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा था, 'मेरे दिल को पता है, तुम यहीं हो...'. आज लोग इस पोस्ट को देखकर हैरान हैं कि कोई हत्या करने के बाद ऐसा नाटक कैसे कर सकता है.

हालांकि, दोनों में एक बड़ा अंतर यह रहा कि इंदौर केस में हत्या के बाद सोनम खुद गायब हो गई थी और यूपी में मिली थी, जबकि सिया ने पुणे में रहकर ही इसे हादसा साबित करने की कोशिश की.

क्या पहले भी हुई थी मारने की कोशिश?

इस पूरे मामले में केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने बताया कि मौत वाली घटना से ठीक चार दिन पहले, यानी 14 जून को भी सिया केतन को उसी जगह लेकर गई थी. वहां भी केतन खाई में गिरते-गिरते बचे थे. उस समय सिया ने बहाना बनाया था कि वहां सांप आ गया था और उसने बचाने के लिए केतन को धक्का दिया था. पिता को अब लगता है कि वह केतन को मारने की पहली नाकाम कोशिश थी.

17 करोड़ का पैलेस और 2 चार्टर प्लेन रह गए धरे के धरे

केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी. इसके लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपये का एक आलीशान पैलेस बुक किया जा चुका था. मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो प्राइवेट जेट (चार्टर प्लेन) भी फाइनल थे. दोनों ही परिवार शादी के जश्न की तैयारियों में डूबे थे, लेकिन शादी का कार्ड छपने से पहले ही घर में मातम छा गया.

https://www.newstak.in/news/story/pune-lohagarh-fort-ketan-agarwal-case-fiance-siya-goyal-conspiracy-updates-3266399-2026-06-24https://www.newstak.in/news/story/pune-lohagarh-fort-ketan-agarwal-case-fiance-siya-goyal-conspiracy-updates-3266399-2026-06-24

    follow google news