महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के हाथ एक एक्सक्लूसिव सीसीटीवी (CCTV) फुटेज लगा है, जो इस मर्डर मिस्ट्री की सबसे बड़ी कड़ी साबित हो सकता है. वारदात से ठीक एक दिन पहले, मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसका कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी पुणे के एक नामी कैफे में मिले थे. पुलिस का दावा है कि इसी मुलाकात के दौरान केतन को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान तैयार किया गया था.
ADVERTISEMENT
कैफे की टेबल पर लिखी गई मौत की स्क्रिप्ट
पुलिस के अनुसार, 17 जून की शाम को सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के 'थर्ड वेव कैफे' पहुंचे थे. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दोनों शाम करीब 4:35 बजे कैफे के अंदर आए. वे वहां करीब एक घंटे तक बैठे रहे और शाम 5:30 बजे बाहर निकले. पुलिस का मानना है कि इसी एक घंटे के भीतर दोनों ने केतन अग्रवाल की हत्या की पूरी रूपरेखा तैयार की थी. जांच एजेंसियां अब इस डिजिटल ट्रेल, मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्ड्स को खंगाल रही हैं.
इंटरनेट सर्च हिस्ट्री से खुला लोहागढ़ किले का कनेक्शन
इस मर्डर केस में एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है. पुलिस को पता चला है कि घटना से पहले सिया गोयल ने यूट्यूब (YouTube) पर 'लोहागढ़ किला' और उससे जुड़े वीडियो सर्च किए थे. उसने इस जगह की लोकेशन और जरूरी जानकारियां चेतन चौधरी के साथ शेयर की थीं. पुलिस को शक है कि लोहागढ़ किले की रेकी करने के बाद ही 18 जून को इस वारदात को अंजाम दिया गया.
जिसके बर्थडे के लिए बुक किए थे 50 कमरे, उसी ने दिया धोखा
26 साल का कारोबारी केतन अग्रवाल अपनी 20 साल की गर्लफ्रेंड सिया गोयल के जन्मदिन को बेहद खास बनाना चाहता था. 19 जून को सिया का बर्थडे था, जिसके लिए केतन ने महाबलेश्वर के एक आलीशान रिजॉर्ट में 40 से 50 कमरे तक बुक कर दिए थे. वह ग्रैंड पार्टी की तैयारी में जुटा था. लेकिन दूसरी तरफ, सिया अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन की मौत का जाल बुन रही थी.
इस धोखे और बेटे की मौत से केतन के पिता विशाल अग्रवाल पूरी तरह टूट चुके हैं. भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि जिस बेटे को उन्होंने अपने बुढ़ापे का सहारा और परिवार का भविष्य समझा था, उसे प्यार और भरोसे के नाम पर सिर्फ धोखा मिला.
ADVERTISEMENT


