केतन अग्रवाल केस: लोहगढ़ किला घूमने की जिद किसकी थी..सिया की मां पूजा गोयल ने व्हाट्सअप चैट का ज्रिक कर पलटा पूरा मामला?

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया की मां ने दावा किया है कि लोहगढ़ ट्रैकिंग की जिद केतन की थी, जिसके सबूत वॉट्सऐप चैट में हैं. सिया के माता-पिता ने अफेयर की बात से इनकार करते हुए कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.

pune ketan agarwal case
pune ketan agarwal case

ओमकार

follow google news

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है. मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग पर जाने की योजना सिया की नहीं थी. उन्होंने बताया कि सिया वहां जाने के पक्ष में बिल्कुल नहीं थी और उसने इसके लिए मना भी किया था. पूजा गोयल के मुताबिक, इस बात के पक्के सबूत यानी वॉट्सऐप चैट आज भी मोबाइल में सुरक्षित हैं.

Read more!

होने वाली सास से भी की थी मिन्नत

आरोपी की मां का कहना है कि 18 जून को जब लोहगढ़ जाने की बात हो रही थी, तब सिया ने वीडियो कॉल पर अपनी होने वाली सास से भी बात की थी. सिया ने उनसे कहा था कि वह ट्रैकिंग पर नहीं जाना चाहती क्योंकि अगले ही दिन उन्हें महाबलेश्वर जाना था. उसने अपनी सास से केतन को समझाने की गुजारिश की थी ताकि थकान न हो. हालांकि, केतन के परिवार की तरफ से कहा गया कि अगर केतन कह रहे हैं तो चली जाओ.

पुलिस की थ्योरी है बिल्कुल अलग

दूसरी तरफ, पुलिस की जांच कहानी का दूसरा ही पहलू दिखा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स से साफ है कि यह पूरी यात्रा एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी. पुलिस के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले सिया और उसका दोस्त चेतन चौधरी पुणे के लुल्लानगर इलाके के एक कैफे में मिले थे, जहां इस पूरी वारदात का ताना-बाना बुना गया था. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं.

सिर्फ दोस्ती की बात पता थी, प्रेम संबंध की नहीं

सिया के माता-पिता का कहना है कि वे चेतन चौधरी को जानते थे, लेकिन उन्हें सिर्फ इतना पता था कि दोनों एक क्रिकेट मैच के दौरान मिले थे और अच्छे दोस्त थे. पूजा गोयल ने साफ किया कि उन्हें दोनों के बीच किसी भी तरह के प्रेम प्रसंग की भनक नहीं थी. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें थोड़ा भी शक होता, तो वे कभी इस शादी के लिए आगे नहीं बढ़ते. सगाई के बाद भी सिया के व्यवहार से कभी नहीं लगा कि वह इस रिश्ते से नाखुश है.

केतन को मानते थे बेटा

सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भावुक होते हुए बताया कि केतन उनके लिए बेटे की तरह था. वह उनके घर आता-जाता था और उन्हें 'पापा जी' कहकर बुलाता था. प्रवीण गोयल का कहना है कि अगर केतन को सिया पर कोई शक था या उसका फोन व्यस्त आने से कोई परेशानी थी, तो उन्हें सीधे परिवारों के बीच बात करनी चाहिए थी.

शादी से कभी नहीं किया इनकार

परिवार का दावा है कि सिया से कई बार पूछा गया था कि क्या वह केतन से शादी करना चाहती है, जिस पर उसने हमेशा हां कहा. उन्होंने बताया कि शादी और जन्मदिन के लिए करीब 50 हजार रुपये की शॉपिंग हो चुकी थी और बाली में प्री-वेडिंग ट्रिप की तैयारियां चल रही थीं. अगर सिया खुश नहीं होती, तो ये सब नहीं किया जाता. सिया का मां ने बताया, "शादी के लिए उदयपुर में अनंता रिजॉर्ट बुक किया था. इसका खर्च 3 करोड़ रुपये था, और हमें शादी पर 5 करोड़ रुपये खर्च करने थे"

दोषी होने पर मिले कड़ी सजा

जब माता-पिता से पूछा गया कि अगर जांच में उनकी बेटी दोषी निकलती है तो वे क्या करेंगे? इस पर पिता प्रवीण गोयल ने दोटूक कहा कि अगर अदालत और पुलिस यह साबित कर देती है कि उनकी बेटी गुनहगार है, तो उसे कानून के तहत सबसे सख्त सजा मिलनी चाहिए. मां पूजा गोयल ने भी कहा कि न्याय में कोई ढील नहीं होनी चाहिए.

    follow google news