पुणे केतन अग्रवाल केस: सगाई के बाद भी प्रेमी के संपर्क में थी मंगेतर, 12 घंटे की पूछताछ में माता-पिता ने खोले कई राज

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी सिया के माता-पिता और भाई से 12 घंटे पूछताछ की. माता-पिता ने सिया और चेतन के अफेयर या हत्या की साजिश से इनकार किया है. आरोपी सिया ने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर मंगेतर केतन को लोहगढ़ किले की खाई से धक्का देकर मार डाला था.

NewsTak

श्रीकृष्ण पांचाल

follow google news

पुणे का चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड लगातार गहराता जा रहा है. इस मर्डर केस की मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता और भाई से पुलिस ने शनिवार को मैराथन पूछताछ की. लोणावला ग्रामीण पुलिस ने सिया के पिता प्रवीण गोयल, मां पूजा गोयल और भाई साहिल को थाने बुलाकर करीब 12 घंटे तक तीखे सवाल किए. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि क्या इस खौफनाक साजिश की भनक परिवार को पहले से थी. हालांकि, पूछताछ में माता-पिता ने खुद को पूरी तरह अनजान बताते हुए कई बड़े दावे किए हैं.

Read more!

मजबूरी नहीं, मर्जी से तय हुई थी शादी

पुलिसिया पूछताछ में सिया के माता-पिता ने बताया कि केतन के साथ रिश्ता तय करने में सिया की पूरी रजामंदी थी. मित्तल परिवार के जरिए यह रिश्ता आया था, जिसके बाद सिया को केतन की तस्वीरें दिखाई गईं. सिया की हां के बाद ही दोनों परिवारों ने सगाई का फैसला लिया था. माता-पिता के मुताबिक, सगाई के बाद दोनों कई बार मिले, बाहर घूमने गए और केतन अक्सर उनके घर भी आता था. इस दौरान सिया ने कभी भी केतन के बर्ताव या स्वभाव को लेकर कोई शिकायत नहीं की और न ही उन पर शादी का कोई दबाव था.

प्रेमी चेतन और भाई की दोस्ती पर कही ये बात

जब पुलिस ने सिया के माता-पिता से उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें दोनों के अफेयर की कोई जानकारी नहीं थी. वहीं, सिया के भाई साहिल और चेतन की दोस्ती को लेकर माता-पिता ने बताया कि दोनों मैदान पर क्रिकेट खेलने के दौरान एक-दूसरे को जानते थे. साहिल के कई दोस्तों में से चेतन भी एक था, लेकिन उन्होंने कभी दोनों को घर पर या साथ में घूमते नहीं देखा था. परिवार ने साफ कहा कि उन्हें आज भी यकीन नहीं हो रहा है कि उनकी लाडली बेटी ऐसी किसी वारदात को अंजाम दे सकती है.

लोहगढ़ किले की खाई में दिया था धक्का

यह पूरा मामला बीते 18 जून का है, जब 20 साल की सिया गोयल अपने मंगेतर 25 वर्षीय केतन अग्रवाल के साथ पुणे के लोहगढ़ किले घूमने गई थी. पुलिस जांच के अनुसार, सिया इस शादी को तोड़ना चाहती थी क्योंकि उसका 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था. केतन को रास्ते से हटाने के लिए सिया और चेतन ने मिलकर पूरी प्लानिंग की थी. सिया पहले भी लोहगढ़ किला जा चुकी थी, इसलिए उसे वहां की भौगोलिक स्थिति का अच्छे से पता था.

ऐसे रची गई थी मौत की खौफनाक साजिश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों ने पहले से तय कर रखा था कि किले पर कौन कहां खड़ा रहेगा, चेतन किस तरफ से एंट्री करेगा और किस वक्त केतन को खाई में धक्का दिया जाएगा. तय साजिश के तहत केतन को गहरी खाई में गिरा दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

चौंकाने वाली बात यह है कि मार्च और अप्रैल के महीने तक सिया खुद शादी की तैयारियों, फोटोशूट और पारिवारिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही थी, लेकिन चेतन के दोबारा संपर्क में आते ही उसने केतन की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली. फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड्स, लोकेशन डेटा और डिजिटल सबूतों के जरिए मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है.

    follow google news