पहली बार धक्का देकर चिल्लाई 'सांप-सांप'! पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस की पूरी इनसाइड स्टोरी

पुणे के लोहगढ़ किले में कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत हादसा नहीं, बल्कि मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की रची हत्या की साजिश थी. सिया ने केतन को पहले भी खाई में धकेला था, लेकिन 'सांप-सांप' चिल्लाकर बच गई.

Ketan Agarwal Pune
Ketan Agarwal Pune

श्रीकृष्ण पांचाल

follow google news

महाराष्ट्र के मशहूर पर्यटन स्थल लोहगढ़ किले पर पिछले दिनों हुई 26 वर्षीय कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. जिसे शुरुआत में ट्रैकिंग के दौरान हुआ एक आम हादसा माना जा रहा था, अब यह घटना ठंडे दिमाग से रची गई हत्या की एक खौफनाक साजिश साबित हो चुकी है. इस मामले में पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. इस खुलासे के बाद अब केतन के परिवार का दर्द और गुस्सा सामने आया है. परिवार का कहना है कि उन्हें पहले दिन से ही सिया पर शक था.

Read more!

'सांप-सांप' चिल्लाकर छिपाई थी पहली नाकाम कोशिश

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पुलिस के सामने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. उनका आरोप है कि सिया ने केतन को मारने की पहली कोशिश 14 जून को ही कर दी थी. उस दिन भी सिया और केतन अकेले लोहगढ़ किले पर गए थे. वहां सिया ने केतन को गहरी खाई की तरफ धक्का दे दिया था. धक्का लगने से केतन फिसल गया, लेकिन खुशकिस्मती से उसका हाथ पास की झाड़ियों में अटक गया और उसकी जान बच गई.

पिता के मुताबिक, केतन को उसी वक्त अहसास हो गया था कि सिया ने उसे जानबूझकर धक्का दिया है. लेकिन पकड़े जाने के डर से सिया ने तुरंत एक नई कहानी गढ़ दी. वह जोर-जोर से "सांप, सांप..." चिल्लाने लगी और केतन को पकड़कर ऐसा नाटक किया जैसे वह उसे सांप से बचा रही थी. केतन ने उस वक्त बात को टाल दिया, लेकिन वह मंगेतर के इरादे भांप चुका था.

जन्मदिन के बहाने जाल में फंसाया!

पहली कोशिश नाकाम होने के बाद सिया ने हार नहीं मानी. 19 जून को उसका जन्मदिन था, जिसे खास बनाने के बहाने वह 18 जून की सुबह करीब 8:20 बजे केतन को दोबारा लोहगढ़ किले पर ले गई. सुबह करीब 10:45 बजे सिया की मां ने केतन के परिवार को फोन पर सूचना दी कि केतन खाई में गिर गया है. जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो केतन की मौत हो चुकी थी. सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाने के चक्कर में केतन का पैर फिसल गया.

चेहरे पर नहीं था कोई दुख!

केतन के परिवार ने बताया कि जब केतन का शव उनके सामने पड़ा था, तब भी सिया के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी. न तो वह रो रही थी और न ही उसे कोई दुख था. उसका यह अजीब और सामान्य से अलग व्यवहार देखकर परिवार को यकीन हो गया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या है.

पुलिस जांच में आखिरकार सच सामने आ ही गया. सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी क्योंकि वह अपने प्रेमी चेतन चौधरी से प्यार करती थी. दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और उसे 350 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया.

आलीशान शादी की चल रही थीं तैयारियां

बता दें अगले ही महीने जयपुर के एक आलीशान पैलेस में दोनों की भव्य शादी होने वाली थी. शादी को यादगार बनाने के लिए मेहमानों के लिए दो विशेष विमान (चार्टर्ड प्लेन) भी बुक किए गए थे. जिस घर में शहनाइयों और उत्सव की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और चीखें हैं.

    follow google news