पंजाब की सियासत में इन दिनों भारी उथल-पुथल मची हुई है. आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर जारी खींचतान के बीच भगवंत मान सरकार ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस ले ली है. सरकार के इस कदम को सीधे तौर पर हरभजन सिंह की पार्टी से बढ़ती दूरियों और उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलों से जोड़कर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
अचानक हटाई गई सुरक्षा
हरभजन सिंह के निजी सहायक मनदीप सिंह के अनुसार, पंजाब सरकार ने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक पूरी पुलिस सिक्योरिटी वापस बुला ली है. उनके घर के बाहर तैनात लगभग 10 सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया गया है और उन्हें दी गई सरकारी पायलट कार भी वापस ले ली गई है.
क्या बीजेपी में जा रहे हैं 'भज्जी'?
इस पूरे विवाद की शुरुआत राघव चड्ढा के उस दावे से हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'आप' के 10 में से 7 राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं. इन नामों में हरभजन सिंह का नाम सबसे ऊपर है. हालांकि हरभजन ने अभी तक अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी है, लेकिन सुरक्षा हटाए जाने को सरकार की नाराजगी का बड़ा संकेत माना जा रहा है.
घर के बाहर लिखा 'पंजाब का गद्दार'
शनिवार को जालंधर में हरभजन सिंह के घर के बाहर कुछ लोगों ने काले स्प्रे पेंट से 'पंजाब का गद्दार' लिख दिया था. हैरान करने वाली बात यह रही कि वहां मौजूद पुलिस ने उन्हें रोकने की कोई खास कोशिश नहीं की. इसी बीच, सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने वाले सांसदों को 'गद्दार' करार दिया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने पंजाब की जनता के भरोसे को तोड़ा है, लेकिन इससे पार्टी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
ADVERTISEMENT


