Puri Jagannath Rath Yatra: रथयात्रा में भारी भीड़ के कारण मची अफरातफरी, धक्का-मुक्की में करीब 100 श्रद्धालु घायल, एक की मौत

इंद्रजीत कुंडू

16 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 16 2026 6:30 PM)

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान बड़ा डांडा पर भारी भीड़ के चलते मची अफरातफरी. धक्का-मुक्की में करीब 100 श्रद्धालु घायल, एक की हालत गंभीर. ODRAF और पुलिस ने संभाला मोर्चा.

NewsTak
पुरी जगन्नथ यात्रा में भगदड़ जैसे हालात.
Google CTA

ओडिशा के पुरी में चल रही विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. पवित्र 'बड़ा डांडा' (ग्रैंड रोड) पर महाप्रभु के दर्शन और रथ खींचने के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ जैसे हालात बन गए. इस हादसे में करीब 100 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है, जिनमें से एक भक्त की हालत काफी नाजुक हो गई थी जिसने अस्पताल जाकर दम तोड़ दिया. 

Read more!

कैसे और कब हुई यह घटना?

प्रत्यक्षदर्शियों और मिली जानकारी के मुताबिक, लाखों की संख्या में श्रद्धालु ग्रैंड रोड पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन करने और पवित्र रथ को खींचने की प्रतीक्षा कर रहे थे. इसी दौरान भीड़ का दबाव अचानक इतना बढ़ गया कि आपस में धक्का-मुक्की शुरू हो गई. देखते ही देखते वहां अफरातफरी मच गई और संतुलन बिगड़ने के कारण कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े. 

प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत कार्य 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात पुलिस प्रशासन, सूचना मिलते ही स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. टीम ने अब तक 52 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया है, जहां उन्हें जरूरी इलाज दिया जा रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक, घायल हुए एक श्रद्धालु को सांस लेने में भारी तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद उसे बेहद गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू किया गया. हालांकि उसे बचाया नहीं जा सका. 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जांच जारी 

प्रशासन का दावा है कि हादसे के तुरंत बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था. ग्रैंड रोड पर भीड़ को व्यवस्थित करने और दोबारा ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है. हालांकि, स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों के सटीक आंकड़ों और इस अव्यवस्था के मुख्य कारणों को लेकर कोई आधिकारिक या विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं. 

पूर्व सीएम नवीन पटनायक का आया रिएक्शन

नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया X पर कहा- "रथयात्रा के दौरान बड़ाडांड में भगदड़ मचने से श्रद्धालुओं की जान जाने की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है. मैं उन श्रद्धालुओं की आत्मा की शाश्वत शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, और सौ से अधिक घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ. दुःख की इस घड़ी में, बीजू जनता दल के सभी कार्यकर्ता हर किसी को सहायता प्रदान करने के लिए अपना पूर्ण सहयोग देंगे. मुझे उम्मीद है कि राज्य सरकार भीड़ का उचित प्रबंधन करके श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी."



ये खबर अपडेट की जा रही है. ..... 

इनपुट: अनिर्बन