'घर में हो अपने, टेंशन मत लो...' इलाहाबाद कार्यक्रम में छात्र को नर्वस देख राहुल गांधी ने दिया हौसला, बोले- 'रिलैक्स करो, खुलकर बोलो'

न्यूज तक डेस्क

09 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 9 2026 9:45 AM)

राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पटना और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने मंच से अपनी समस्याएं रखीं. छात्रों ने लाठीचार्ज, पेपर लीक और 400 प्रतिशत फीस वृद्धि पर नाराजगी जताई. बोलते समय नर्वस हुए एक छात्र को राहुल गांधी ने संभाला। राहुल ने छात्रों की हिम्मत की सराहना की.

rahul gandhi
rahul gandhi
Google CTA

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश के छात्रों ने मंच से अपनी समस्याएं रखीं और पुलिस प्रशासन की बर्बरता का मुद्दा उठाया. कार्यक्रम के दौरान जब एक छात्र अपनी बात रखते समय नर्वस हो गया, तो राहुल गांधी ने उसका हौसला बढ़ाया और खुद बीच में आकर उसे संभालते हुए बेझिझक बोलने की सलाह दी.

Read more!

मंच पर पटना यूनिवर्सिटी, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और बिहार के विभिन्न जिलों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी आपबीती साझा की. छात्रों ने बताया कि नौकरियों की कमी, पेपर लीक, समय पर परीक्षा न होना और भारी फीस वृद्धि जैसी समस्याओं से वे लगातार जूझ रहे हैं.

लाठीचार्ज और 400 प्रतिशत फीस वृद्धि पर जताई नाराजगी

पटना यूनिवर्सिटी से आए छात्र ने आरोप लगाया कि राजभवन मार्च के दौरान उन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और एंबुलेंस तक नहीं आने दी गई. उन्हें स्कूटी पर अस्पताल ले जाना पड़ा और बाद में पुलिस ने थाने में बैठाकर रखा. वहीं, पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ की महिला उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर भी पुलिस और प्रशासन छात्रों को प्रताड़ित कर रहे हैं.

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने हॉस्टल और लाइब्रेरी की खस्ताहाली का मुद्दा उठाया. छात्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय में फीस में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है. जब छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं, तो उन पर एफआईआर दर्ज कर दी जाती है या उन्हें निलंबित कर दिया जाता है.

छात्रों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे. कार्यक्रम के अंत में राहुल गांधी ने छात्रों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि अंधेरे में छात्रों ने अपनी आवाज से रोशनी दिखाई है और यह आवाज नफरत से नहीं बल्कि मोहब्बत से उठाई गई है.