Rajasthan Weather: 24 जुलाई को इन जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

न्यूज तक डेस्क

• 04:16 PM • 23 Jul 2026

राजस्थान में मानसून सक्रिय है. 24 जुलाई को दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. जयपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather
Google CTA

राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. 24 जुलाई को खासतौर पर दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है. 

Read more!

24 जुलाई को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 24 जुलाई को अजमेर, कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. इन क्षेत्रों में कई जगह भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में तथा पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. 

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना ऊपरी परिसंचरण तंत्र, सक्रिय मानसून ट्रफ और ऊपरी वायुमंडल में बने शियर जोन के कारण बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं. इसी वजह से अगले कुछ दिन तक मौसम का यही रुख रहने की संभावना है.

इन जिलों में भारी और अति भारी बारिश का अलर्ट

24 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

इसके अलावा प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, राजसमंद, सलूंबर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, अजमेर और ब्यावर में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है.

जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ सहित पूर्वी राजस्थान के कई अन्य जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है. 

पश्चिमी राजस्थान में भी बरसेंगे बादल

जोधपुर और आसपास के जिलों में भी 24 जुलाई को अच्छी बारिश के आसार हैं. बीकानेर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में बारिश का असर अधिक रहेगा. 

अगले तीन दिन तक बना रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई को भी दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है. वहीं राज्य के बाकी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. 26 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है. 

पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान बांसवाड़ा जिले के जगपुरा में 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही. इसके अलावा भीलवाड़ा के आसींद में 16 सेंटीमीटर, अजमेर के जवाजा में 12 सेंटीमीटर, बांसवाड़ा के घाटोल में 12 सेंटीमीटर और ब्यावर क्षेत्र में 11 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर के सादुलशहर में 11 सेंटीमीटर और फलोदी में 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई.