जून में 10 राज्यों की 24 सीटों पर राज्यसभा चुनाव, खरगे-बिट्टू समेत कई दिग्गजों का कार्यकाल खत्म

न्यूज तक डेस्क

22 May 2026 (अपडेटेड: May 22 2026 4:45 PM)

Rajya Sabha Elections 2026: चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को वोटिंग कराने का ऐलान किया है. इसके लिए 8 जून तक नामांकन होंगे. इस चुनाव में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, मल्लिकार्जुन खरगे और दिग्विजय सिंह समेत कई दिग्गजों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, जिससे सियासी हलचल तेज है.

rajya sabha election
rajya sabha election
Google CTA

Rajya Sabha 2026: चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की कुल 24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. आयोग की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, इन सभी सीटों पर आगामी 18 जून को मतदान कराया जाएगा. इस चुनाव में बीजेपी के 11 और कांग्रेस के 4 सांसदों समेत कई बड़े चेहरों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिससे संसद के उच्च सदन का समीकरण बदलने की उम्मीद है.

Read more!

यह है चुनाव का पूरा शेड्यूल 

निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्यसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया 20 जून तक निपटा ली जाएगी. 

इन राज्यों में खाली हो रही हैं सीटें

चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक बयान में साफ किया है कि जिन 10 राज्यों में यह चुनाव कराए जा रहे हैं, वहां के मौजूदा सांसदों का कार्यकाल 21 जून से लेकर 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है. 

सीटों के गणित को समझें तो आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे ज्यादा चार-चार सीटें खाली हो रही हैं. इनके अलावा मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों पर चुनाव होना है, जबकि झारखंड में दो सीटों पर वोट डाले जाएंगे.

वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर मुकाबला होगा. इस मुख्य चुनाव के साथ ही झारखंड, तमिलनाडु और महाराष्ट्र की एक-एक सीट पर खाली चल रही जगहों के लिए उपचुनाव होने की भी पूरी संभावना बनी हुई है.

रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कूरियन पर नजरें

रिटायर होने वाले 11 बीजेपी सांसदों में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण और रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन का नाम प्रमुख है. रवनीत सिंह बिट्टू का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो रहा है और वे फिलहाल राजस्थान से सांसद हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पंजाब की राजनीति को ध्यान में रखते हुए बीजेपी उन्हें दोबारा उच्च सदन भेज सकती है. दूसरी तरफ, जॉर्ज कूरियन की वापसी को लेकर अभी संशय बना हुआ है.

खरगे की सीट पक्की, दिग्विजय ने किया इनकार

कांग्रेस के लिहाज से देखें तो पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का भी कार्यकाल पूरा हो रहा है. कर्नाटक के समीकरणों के लिहाज से कांग्रेस को वहां 3 सीटें मिल सकती हैं, जिससे मल्लिकार्जुन खरगे का दोबारा चुना जाना तय माना जा रहा है.

हालांकि, मध्य प्रदेश की राह कांग्रेस के लिए थोड़ी मुश्किल है. वहां की 3 सीटों में से बीजेपी और कांग्रेस के खाते में 2-2 सीटें जाने की संभावना बन रही है, लेकिन कांग्रेस को यहां कड़ी मेहनत करनी होगी. इस बीच दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि वे इस बार राज्यसभा जाने के इच्छुक नहीं हैं. ऐसे में कांग्रेस मध्य प्रदेश से किस नए चेहरे पर दांव लगाती है, यह देखना दिलचस्प होगा.