8 हमलावरों ने काफिला घेरा...गनमैन को पीटा, केरल में चुनाव प्रचार के दौरान थरूर पर हमला, कैसे हुई पूरी घटना, समझिए

केरल के मलप्पुरम में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ. करीब 8 लोगों ने थरूर की गाड़ी रोककर उनके गनमैन के साथ मारपीट की.

Shashi Tharoor attack
Shashi Tharoor attack

न्यूज तक डेस्क

follow google news

केरल विधानसभा के चुनावी शोर के बीच एक बड़ी घटना सामने आई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर के काफिले को मलप्पुरम जिले के वंडूर इलाके में निशाना बनाया गया. अज्ञात हमलावरों ने न केवल थरूर की गाड़ी को बीच सड़क पर रोका, बल्कि उनके गनमैन के साथ हाथापाई भी की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है.

Read more!

कैसे हुई घटना?

जानकारी के मुताबिक, शशि थरूर यूडीएफ (UDF) उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने जा रहे थे. थरूर दो गाड़ियों के काफिले के साथ आगे बढ़ रहे थे और वह खुद पहली गाड़ी में मौजूद थे. तभी दो कारों में सवार होकर आए करीब 8 लोगों ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया. चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने थरूर की कार के शीशों को पीटना शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई.

गनमैन को भी पीटा

जब सांसद की सुरक्षा में तैनात गनमैन ने रास्ता साफ कराने और स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया. गनमैन के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

राजनीतिक सरगर्मी तेज

केरल में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे. ऐसे में मतदान से ठीक पहले हुई इस हिंसा ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हमला किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा था या फिर रोड रेज (सड़क विवाद) का मामला है. राज्य में इस बार एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है.

    follow google news