कब से एक-दूसरे को जानते हैं तेंदुलकर-कांबली, कोच ने किसको बताया था अच्छा क्रिकेटर!

कीर्ति राजोरा

05 Dec 2024 (अपडेटेड: Dec 5 2024 9:56 AM)

अंग्रेजी में एक कहावत है 'It is not in the stars to hold our destiny but in ourselves', इसका सीधा-साधा मतलब है कि आप की सफलता किस्मत में नहीं बल्कि आपके हाथों में होती है. शायद विनोद गनपत कांबली यही लक अपने हाथ से गंवा गए. विनोद कांबली वहीं हैं जो क्रिकेट की पिच पर बॉलरों के छक्के छुड़ा देते थे, लाखों में कमाते थे, लेकिन आज वही कांबली इस वक्त ऐसे दौर से गुजर रहे हैं.

Vinod Kambli
Vinod Kambli
Google CTA

Charchit Chehera: अंग्रेजी में एक कहावत है 'It is not in the stars to hold our destiny but in ourselves', इसका सीधा-साधा मतलब है कि आप की सफलता किस्मत में नहीं बल्कि आपके हाथों में होती है. शायद विनोद गनपत कांबली यही लक अपने हाथ से गंवा गए. विनोद कांबली वहीं हैं जो क्रिकेट की पिच पर बॉलरों के छक्के छुड़ा देते थे, लाखों में कमाते थे, लेकिन आज वही कांबली इस वक्त ऐसे दौर से गुजर रहे हैं जिसको देखकर हर कोई हैरान हैं. कांबली पहले कह चुके हैं कि बुरे वक्त में सचिन ने उनका साथ नहीं दिया. विनोद कांबली और सचिन तेंदुलकर बचपन के वो दो दोस्त हैं जिनमें एक अर्श पर है तो दूसरा फर्श पर. अब दोनों की मुलाकात का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दर्द, प्यार, दोस्ती, अधूरापन, भटकाव, सबक, किस्मत सब कुछ है. दोनों की दोस्ती की मिसालें दी जाती थीं लेकिन आज भी नहीं बदला तो सचिन के लिए कांबली का प्यार. आज चर्चित चेहरा में कहानी विनोद कांबली की.

Read more!

वायरल वीडियो विनोद कांबली और सचिन तेंदुलकर के बचपन के कोच रमाकांत आचरेकर की याद में आयोजित हुए एक समारोह की है, जहां से दोनों की ये वीडियो वायरल हो रही है. कांबली और तेंदुलकर आचरेकर के शिष्य थे, जिन्होंने उनके मार्गदर्शन में अपने क्रिकेट कौशल को निखारा था. कहते हैं कि कोच रमाकांत आचरेकर कांबली को तेंदुलकर से ज्यादा काबिल मानते थे. उनकी याद में आयोजित इस कार्यक्रम में विनोद कांबली को बार-बार अपने बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर की ओर देखते हुए देखा जा सकता है. बाद में कांबली भावुक होकर तेंदुलकर के सिर पर प्यार से हाथ फेरते भी नजर आए. गाना भी गाते नजर आए. लेकिन एक वक्त था जब विनोद कांबली ने सचिन पर संघर्ष के दिनों में साथ नहीं देने का आरोप लगाया था, उन्होंने कहा - सचिन तेंडुलकर हमेशा सेफ गेम खेलते हैं. जैसे ही उनका कोई दोस्त संघर्ष करने लगता है तो वे उससे किनारा कर लेते हैं. दोनों की अब वीडियो को देख दोनों की दोस्ती के वो किस्से चर्चा में हैं जब दोनों ने साथ में क्रिकेट की पारी लगभग एक साथ शुरू की थी.

विनोद कांबली की हालत क्या है वो इन चंद वीडियोज को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है, गिरते, लड़खड़ाते, संभलते और फिर गिरते. ये वीडियो अगस्त 2024 में वायरल हुआ था, जिसमें कांबली को कुछ लोग सहारा देते हुए नजर आ रहे थे. इसे देख कांबली और तेंदुलकर के फैंस के साथ हजारों-लाखों लोगों का दिल टूटा था. कांबली लंबे समय से हेल्थ प्रॉब्ल्म के चलते परेशान हैं. 2013 में उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ था, जिसके बाद से उनकी परेशानी बढ़ती चली गई. इससे पहले साल 2012 में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी. कांबली ने अपने क्रिकेट करियर में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था. उनकी गिनती भारत के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में होती थी. लेकिन उनका करियर अधूरा रह गया. कुछ समय पहले वो रोजगार मांगते हुए भी नजर आए थे. अपने इंटरव्यू में कांबली ने कहा था कि मैं एक रिटायर्ड क्रिकेटर हूं. पूरी तरह से बीसीसीआई की पेंशन पर निर्भर हूं. मुझे काम चाहिए, ताकि मैं युवा क्रिकेटर्स की मदद कर सकूं.

स्कूल से चली आ रही है दोनों की दोस्ती

सचिन और विनोद कांबली ने स्कूली दिनों में 24 फरवरी, 1988 में हैरिस शील्ड इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में 664 रनों की साझेदारी की थी, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड है लेकिन इस रिकॉर्ड को बनाने में भी कांबली सचिन से आगे रहे. दोनों ने साथ में स्कूली क्रिकेट में एक दूसरे का भरपूर साथ दिया तो बाद में जाकर दोनों भारतीय क्रिकेट के लिए भी एक साथ खेले थे. 18 जनवरी 1972 को मुंबई में जन्मे कांबली के पिता एक मेकैनिक हुआ करते थे. कांबली के क्रिकेट करियर पर एक नजर डाले तो पता चलता है कि भले ही इनकी करियर छोटा रहा लेकिन दमदार और रिकॉर्ड्स से भरा रहा. एक किस्सा कांबली के क्रिकेट क्लब में एंट्री का है. ये किस्सा काफी मशहूर रहा है. एक बार जब कांबली किसी क्रिकेट क्लब से जुड़ने के लिए गए, लेकिन इन्हें उस क्लब में मौका नहीं मिला. इसके बाद एक दिन कांबली अपने दोस्त सचिन का मैच देखने शिवाजी पार्क गए. वहां सचिन एफ डिविजन टीम की ओर से खेल रहे थे. इत्तेफाक से उस टीम की प्लेइंग इलेवन के लिए एक खिलाड़ी की कमी थी. तब कोच ने कांबली से बात कर उन्हें टीम में शामिल कर लिया.

ऐसा है कांबली का क्रिकेट करियर

टीम इंडिया  में शामिल रहते हुए विनोद कांबली ने भारत के लिए कुल 104 वनडे मैच, जबकि 17 टेस्ट मैच खेले हैं. उन्होंने भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 3,561 रन बनाए हैं, इनमें चार शतक टेस्ट में और दो शतक वनडे में शामिल हैं. विनोद कांबली ने भारत के लिए 1991 में वनडे डेब्यू किया था, जबकि साल 2000 में उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच खेला था. कांबली भारतीय क्रिकेट की दुनिया का एक ऐसा नाम जो हमेशा से अपने रिकॉर्ड्स के लिए सुर्खियों में छाया रहा है. 1993 में इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ एक के बाद एक दो डबल सेन्चुरी लगाकर विनोद कांबली ने सभी को चौंका दिया था. सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि कांबली ने फिल्मी दुनिया में भी काम किया है. हालांकि वो कुछ खास नहीं कर पाए. फिल्मी करियर फ्लॉप होने के बाद कांबली ने राजनीति में भी हाथ आजमाया. वे लोक भारती पार्टी के सदस्य बने. 2009 के विधानसभा चुनाव में कांबली विखरोली सीट से चुनावी मैदान में उतरे लेकिन इस मोर्चे पर भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी. 

1998 के शादी फिर तलाक

पर्सनल लाइफ की बात करें तो कांबली ने पहली शादी 1998 में नोएला लुईस से की थी. नोएला पुणे के होटल ब्लू डायमंड में रिसेप्शनिस्ट थीं. हालांकि ये शादी ज्यादा दिन नहीं चली और 2005 में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद कांबली ने मॉडल रहीं एंड्रिया हेविट से शादी कर ली. कांबली का एक बेटा जीसस क्रिस्टियानो कांबली और एक बेटी है. इसके अलावा कांबली अपने क्रिकेट करियर से ज्यादा विवादों के चलते सुर्खियों में रहे.