Shesh Bharat: काव्या मारन की टीम में पाकिस्तानी स्पिनर की एंट्री पर बवाल, अबरार अहमद ने भारत के लिए दिए थे ऐसे-ऐसे बयान!

न्यूज तक डेस्क

13 Mar 2026 (अपडेटेड: Mar 14 2026 8:33 AM)

Abrar Ahmed controversy: इंग्लैंड की लीग The Hundred के ऑक्शन में सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को 1.90 लाख पाउंड में खरीदा. इसके बाद उनके पुराने भारत विरोधी पोस्ट वायरल हो गए. सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. फ्रेंचाइजी और काव्या मारन को भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.

NewsTak
Google CTA

Abrar Ahmed controversy: इंग्लैंड की क्रिकेट लीग 'द हंड्रेड' (The Hundred) के ऑक्शन के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच नाराजगी का माहौल है. सन ग्रुप की टीम 'सनराइजर्स लीड्स' ने पाकिस्तानी लेग स्पिनर अबरार अहमद को भारी-भरकम राशि देकर अपनी टीम में शामिल किया है. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर टीम की ओनर काव्या मारन और फ्रेंचाइजी को जमकर ट्रोल किया जा रहा है.

Read more!

करोड़ों में हुई अबरार की डील

12 मार्च को लंदन में हुई नीलामी में सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को 1.90 लाख पाउंड (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मालिक काव्या मारन ही इस टीम की भी कमान संभालती हैं. जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर 'ऑरेंज आर्मी' यानी सनराइजर्स के फैंस ने इस फैसले पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.

क्यों गुस्से में हैं भारतीय फैंस?

फैंस की नाराजगी की मुख्य वजह अबरार अहमद का पुराना रिकॉर्ड है. अबरार के कुछ पुराने सोशल मीडिया पोस्ट सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें भारत विरोधी माना जा रहा है.

एक पोस्ट में अबरार ने "Fantastic Tea" का जिक्र किया था. कई भारतीय यूजर्स ने इसे भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के उस वीडियो से जोड़कर देखा, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान में दी गई चाय को "फैंटास्टिक'" बताया था.

यह घटना 2019 के बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद की है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर था. उसी समय अभिनंदन का मिग-21 बाइसन विमान क्रैश हो गया था और वह पाकिस्तान की गिरफ्त में आ गए थे. बाद में अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच पाकिस्तान ने उन्हें रिहा कर दिया था.

इसके अलावा, साल 2025 में सीमा पर तनाव के दौरान भी अबरार की सोशल मीडिया एक्टिविटी पर विवाद हुआ था.

2025 के तनाव के दौरान भी चर्चा में आए पोस्ट

रिपोर्ट्स के मुताबिक 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के दौरान भी अबरार अहमद के कुछ सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आए थे. कई भारतीय यूजर्स ने उन पोस्ट को भारत विरोधी बताया था.

शिखर धवन को बॉक्सिंग का चैलेंज

एक पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अबरार अहमद से पूछा गया था कि वह किस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ बॉक्सिंग रिंग में उतरना चाहेंगे. इस पर उन्होंने भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का नाम लिया था. कुछ लोगों ने इसे मजाक माना, लेकिन कई फैंस ने इसे अनावश्यक टिप्पणी बताया.

सनराइजर्स फ्रेंचाइजी पर भी उठे सवाल

अबरार की साइनिंग के बाद सोशल मीडिया पर ‘Orange Army’ यानी सनराइजर्स के फैंस भी सवाल उठा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस विवाद के बाद Sunrisers Hyderabad के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में भी गिरावट देखी गई.

इसी दौरान SunRisers Leeds का आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट कुछ समय के लिए सस्पेंड भी हो गया था, जिससे मामला और चर्चा में आ गया. हालांकि बाद में अकाउंट फिर से सक्रिय हो गया.

कोच डेनियल विटोरी ने दी सफाई

SunRisers Leeds के हेड कोच Daniel Vettori ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अबरार अहमद को टीम में शामिल करने का फैसला पूरी तरह क्रिकेटिंग जरूरतों के आधार पर लिया गया है.

उन्होंने कहा कि टीम को एक मजबूत स्पिनर की जरूरत थी और ऑक्शन में अबरार उस भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त खिलाड़ी थे.

फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि मैदान पर उनका प्रदर्शन इस विवाद को शांत करता है या यह मुद्दा आगे भी चर्चा में बना रहता है.