आधी रात शराब खत्म हुई तो पत्नी बोली- और चाहिए, जिद के चलते पति ने गुस्से में कर दिया बड़ा कांड

न्यूज तक डेस्क

• 12:32 PM • 07 Oct 2026

तमिलनाडु के पेरुंगुडी में शराब खरीदने को लेकर हुए विवाद में 38 साल के लोगनाथन ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सुधा की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी घर में सो गया.

NewsTak
Google CTA

तमिलनाडु के पेरुंगुडी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां शराब खरीदने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे थोरईपक्कम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

शराब खत्म होने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, कल्लूकुट्टई के रहने वाले 38 वर्षीय लोगनाथन डिलीवरी वर्कर का काम करते हैं. उनकी शादी आठ साल पहले 28 वर्षीय सुधा के साथ हुई थी. रविवार की रात दोनों अपने घर में साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी बीच शराब खत्म हो गई, जिस पर सुधा ने लोगनाथन से और शराब लाने को कहा.

ब्लैक में शराब मंगाने की जिद पर कहासुनी

लोगनाथन ने जब बताया कि सरकारी TASMAC शराब की दुकानें बंद हो चुकी हैं तो सुधा ब्लैक मार्केट से शराब खरीदने की जिद करने लगी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर लोगनाथन ने सुधा के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया. दम घुटने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

कत्ल के बाद सोया, सुबह ताला लगाकर हुआ फरार

हत्या करने के बाद आरोपी पति रात में घर के अंदर ही सो गया. सोमवार सुबह जब उसकी नींद खुली, तो उसने देखा कि पत्नी की जान जा चुकी है. इसके बाद उसने घर के दरवाजे पर ताला लगाया और फरार हो गया. दिनभर तारामणि इलाके में घूमने के बाद वह शाम को सैदापेट पहुंचा. वहां उसने अपने एक परिचित को पूरी वारदात के बारे में बताया.

पुलिस ने किया गिरफ्तार, जांच जारी

सूचना मिलते ही थोरईपक्कम पुलिस सैदापेट पहुंची और मंगलवार को आरोपी लोगनाथन को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मौके से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है कि हत्या की वजह सिर्फ शराब का विवाद ही था या इसके पीछे कोई और कारण भी शामिल है.