रविवार की शाम मुंबई के पॉश इलाके जुहू में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया. फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर की गाड़ी को निशाना बनाकर बदमाशों ने पांच राउंड फायरिंग की. गनीमत यह रही कि इस भयानक हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, हालांकि उनके ड्राइवर को गोली लग गई है.
ADVERTISEMENT
चश्मदीदों की जुबानी, खौफनाक मंजर
घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी वारदात के बारे में रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारी दी है. टाइगर के एक बड़े फैन शाहरुख शेख उस वक्त वहीं मौजूद थे. शाहरुख ने बताया, "मुझे पता चला था कि टाइगर सर यहां फुटबॉल खेलने आए हैं, इसलिए मैं उनके साथ एक तस्वीर लेने के लिए रुका हुआ था. अचानक तीन लोग पल्सर बाइक पर आए. एक गाड़ी चला रहा था और दो लोग लगातार फायरिंग कर रहे थे."
शाहरुख ने आगे बताया कि जब गोलियां चल रही थीं, तब टाइगर कार में ड्राइवर की बाईं तरफ बैठे थे और हमलावर ठीक उसी साइड से गोलियां बरसा रहे थे. पास ही मौजूद एक वड़ा पाव स्टॉल वाले ने भी पुलिस को बताया कि हमलावरों की बाइक इलाके में पिछले आधे घंटे से घूम रही थी और घात लगाए बैठी थी.
व्लॉगर सलमा शेख, जो उस वक्त वहीं मौजूद थीं, उन्होंने घटना को याद करते हुए कहा, "टाइगर अक्सर यहां फुटबॉल खेलने आते हैं और शाम सात बजे तक उनका खेल खत्म हो जाता है. आज भी वो गेम के बाद अपनी गाड़ी में बैठे और जैसे ही कार मेन रोड पर आई, एक पतले-दुबले लड़के ने फायरिंग शुरू कर दी. शुरुआत में तो सबको लगा कि शायद कोई पटाखे फोड़ रहा है. लेकिन जैसे ही समझ आया कि गोलियां चल रही हैं, टाइगर गाड़ी में नीचे लेट गए. इस वजह से उनकी जान बच गई और उन्हें एक खरोंच तक नहीं आई."
सलमा ने बताया कि हमले में ड्राइवर की कोहनी में गोली लगी और एक गोली उनकी हथेली को चीरते हुए आर-पार निकल गई. जान बचाने के लिए कार के अंदर बैठे एक अन्य शख्स ने घायल ड्राइवर को पीछे वाली सीट पर शिफ्ट किया और खुद टाइगर ने स्टीयरिंग संभाली तथा गाड़ी सीधे अस्पताल लेकर भागे.
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की मुलाकात
इस सनसनीखेज घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तुरंत अभिनेता टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे. उन्होंने मुलाकात के बाद बताया कि टाइगर के दाएं हाथ पर गनपाउडर (बारूद) के जलने के कुछ निशान जरूर हैं, लेकिन शुक्र है कि उन्हें कोई गोली नहीं लगी है.
पुलिस एक्शन में, एक हिरासत में
इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
उधर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कड़े शब्दों में कहा है कि मुंबई की शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने टाइगर श्रॉफ और उनके पूरे परिवार की सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाते हुए यह साफ कर दिया है कि इस घिनौनी हरकत के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे.
ये भी पढ़ें: 'जो सलमान खान के साथ काम करेगा...'टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद पोस्ट में धमकी
ADVERTISEMENT


