विराट कोहली और प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़ी खबरों ने सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा रखी थी. दावा किया जा रहा था कि कोहली को महाराज जी के आश्रम में आने के लिए 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम दी गई थी. ये दावा फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से किया गया था. अब इस पूरे विवाद और फैली अफवाहों पर विराट कोहली की आधिकारिक टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपना बयान जारी किया है.
ADVERTISEMENT
विराट कोहली के प्रवक्ता ने इन तमाम दावों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह से झूठा, बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया है. प्रवक्ता का कहना है कि दिनेश शर्मा द्वारा किए गए दावों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है और यह तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत हैं.
पैसों के लिए नहीं, केवल आस्था के खिंचे चले आते हैं 'किंग कोहली'
अक्सर देखा गया है कि विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन जाकर प्रेमानंद महाराज जी का आशीर्वाद लेते हैं. दोनों की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी होते रहते हैं.
इन मुलाकातों का सच बताते हुए प्रवक्ता ने साफ किया कि विराट कोहली का प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाना किसी समझौते या लेनदेन का हिस्सा नहीं है. वह वहां केवल अपनी व्यक्तिगत आस्था, गहरी श्रद्धा और आत्मिक शांति के लिए जाते हैं. इसे किसी भी तरह के दावों या मनगढ़ंत कहानियों से जोड़ना बिल्कुल गलत है. इससे पहले आश्रम के एक शिष्य ने भी इस 5 करोड़ रुपये वाले दावे को पूरी तरह से बकवास बताया था.
मीडिया को जिम्मेदारी और सावधानी बरतने की सलाह
खबरों को बिना जांचे-परखे चलाए जाने पर भी कोहली की टीम ने नाराजगी जताई है. प्रवक्ता ने मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपील की है कि किसी सार्वजनिक हस्ती के बारे में इस तरह के संवेदनशील या व्यक्तिगत दावे प्रकाशित करने से पहले उनकी पूरी जांच-पड़ताल कर लें. बिना पुष्टि के चलाई गई खबरें लोगों के बीच भ्रम पैदा करती हैं, इसलिए मीडिया को जिम्मेदारी और सावधानी के साथ रिपोर्टिंग करनी चाहिए. इस बयान के बाद अब साफ हो गया है कि पैसों वाले दावे में कोई सच्चाई नहीं थी और विराट की वृंदावन यात्राएं केवल उनकी अटूट भक्ति का प्रतीक हैं.
ADVERTISEMENT


