मेलानिया की आंखों में दिखा खौफ, सीक्रेट सर्विस ने ढाल बनकर बचाया; देखिए गोलीबारी का वो वीडियो, जिसमें बाल-बाल बचे ट्रंप

वॉशिंगटन हिल्टन होटल में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान गोलीबारी हुई, जहां डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप मौजूद थे. सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप को सुरक्षित निकाला, जबकि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Washington hotel shooting
Washington hotel shooting

न्यूज तक डेस्क

follow google news

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' प्रोग्राम के दौरान अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई. इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप समेत कई वीआईपी मौजूद थे. गोलियां चलते ही सुरक्षाकर्मियों ने फौरन मोर्चा संभाला और राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित बचाने के लिए उन्हें एक मेज के नीचे छिपा दिया. गनीमत यह रही कि इस हमले में ट्रंप और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि पुलिस ने हमलावर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

फायरिंग होते ही तुरंत हरकत में आई सुरक्षा एजेंसियां

घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के जवान सक्रिय हो गए. उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालात इतने तनावपूर्ण थे कि ट्रंप को कुछ देर के लिएमेज के नीचे छिपाकर रखा गया ताकि उन्हें किसी भी संभावित खतरे से बचाया जा सके.

होटल में मची भगदड़, मेहमानों में खौफ

जानकारी के अनुसार, जिस वक्त यह घटना हुई, होटल के बॉलरूम में करीब 2600 मेहमान मौजूद थे. फायरिंग की आवाज डिनर हॉल के ठीक ऊपर वाले कमरे से आई थी. रॉयटर्स के फोटोग्राफर ने बताया कि उन्होंने 4 से 6 तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनीं. गोलियां चलते ही हॉल में मौजूद पत्रकारों, हॉलीवुड सितारों और राजनेताओं के बीच भगदड़ मच गई. जान बचाने के लिए लोग टेबल के नीचे छिप गए, जबकि सुरक्षा बलों ने SOS लाइट जलाकर सबको अलर्ट किया.

मेलानिया ट्रंप का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के चेहरे पर साफ तौर पर घबराहट देखी जा सकती है. हमले के वक्त उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, आरएफके जूनियर और डग बर्गम जैसे बड़े नेताओं को भी सुरक्षाकर्मियों ने जमीन पर लेटने के लिए कहा और बाद में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस गोलीबारी में एक सुरक्षा अधिकारी घायल हुआ है, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

हमलावर दबोचा गया, ट्रंप ने दी जानकारी

घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की पुष्टि की. उन्होंने सीक्रेट सर्विस की बहादुरी की तारीफ करते हुए बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. ट्रंप ने कहा, "हम सभी सुरक्षित हैं. प्रोटोकॉल के तहत होटल को खाली करा लिया गया है. सुरक्षा एजेंसियों ने बेहतरीन काम किया." उन्होंने यह भी ऐलान किया कि स्थगित हुए इस डिनर को अगले 30 दिनों के भीतर दोबारा आयोजित किया जाएगा.

सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

यह आयोजन सालों बाद ऐतिहासिक होने वाला था क्योंकि ट्रंप ने लंबे समय बाद इस डिनर में शामिल होने का फैसला किया था. अब सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि भारी सुरक्षा के बावजूद शूटर हथियार लेकर होटल के कमरे तक कैसे पहुंचा. पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके.

    follow google news