'...पिएंगे, जश्न मनाएंगे...पैलेस आओ गप्प करेंगे', सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ के आखिरी शब्द, दोस्त कासिम ने क्या बताया?

Suvendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद सियासत गरमा गई है. दोस्त कासिम अली ने चंद्रनाथ रथ की आखिरी बातचीत का खुलासा किया, जिसमें उन्होंने भाजपा की जीत का जश्न मनाने के लिए बुलाया था. जानिए मध्यग्राम हत्याकांड, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और इस हाई प्रोफाइल केस की पूरी कहानी.

Suvendu Adhikari PA Murder Case
कासिम अली ने बताया चंद्रनाथ रथ से वो आखिरी बातचीत

पीयूष मिश्रा

follow google news

पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद जब सुवेंदु अधिकारी को अपनी जीत का जश्न मनाने का वक्त आया, तभी उनपर दुखों का बड़ा पहाड़ टूट गया. बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम में सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल है. इस हत्या ने बंगाल के राजनीतिक पारा को हाई कर दिया है और भाजपा इसे राजनीतिक हत्या करार दे रही है, तो वहीं TMC सीबीआई जांच की मांग कर रही है. लेकिन इसी बीच चंद्रनाथ रथ के दोस्त कासिम अली ने बताया कि शाम में उन्होंने फोन किया था और जश्न मनाने की बात कही थी. लेकिन कुछ कारणों से वह मिल नहीं पाए और अब वो बातचीत आखिरी बन गई. आइए विस्तार से जानते है कासिम अली ने क्या-कुछ बताया और मामले की पूरी कहानी.

Read more!

चंद्रनाथ पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात मध्यग्राम में चंद्रनाथ की गाड़ी पर हमला किया गया. हमलावरों ने पहले गाड़ी का पीछा किया और फिर मौके मिलते ही गाड़ी रुकवाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. इस दौरान चंद्रनाथ को कई गोलियां लगी और फिर हमलावर वहां से फरार हो गए. हालांकि चंद्रनाथ रथ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल देखा गया और भारी संख्या बीजेपी समर्थक अस्पताल पहुंच गए.

'निजाम पैलेस आ जाओ...' वो आखिरी बातचीत

इस घटना के बाद चंद्रनाथ के दोस्त कासिम अली का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि शाम 6-6:30 बजे चंद दा का कॉल आया था. फोन उठाते ही उन्होंने कहा कि, 'निजाम पैलेस आ जाओ, गप्पे मारेंग, चाय पिएंगे और बीजेपी के जीत का जश्न मनाएंगे'. तब मैंने कहा कि आज नहीं आ पाएंगे, कल मिलते है. लेकिन मुझे कहां पता नहीं था कि वो हमारी आखिरी बातचीत होगी. कासिम का कहना है कि माहौल पूरी तरह सामान्य था और किसी को भी इतनी बड़ी घटना की आशंका तक नहीं थी.

'टारगेट थे सुवेंदु अधिकारी'

आज तक से बातचीत में कासिम अली ने दावा किया है कि हमला सिर्फ चंद दा पर नहीं था, बल्कि उनका असली टारगेट सुवेंदु अधिकारी थे. कासिम का कहना है कि चंद्रनाथ सुवेंदु के सबसे करीबी लोगों में से है और उनकी बहुत दिनों से रेकी हो रही है. उन्होंने आगे फिर दावा करते हुए कहा कि हमलावरों को चंद दा से जुड़ी सारी जानकारी थी कि वह कहां रहते थे, किस रास्ते से आते-जाते थे. हालांकि पुलिस ने इन दावों की अभी तक पुष्टि नहीं की है.

ममता और अभिषेक पर लगाए गंभीर आरोप

कासिम अली ने कहा है कि इस हमले के पीछे कोई और नहीं बल्कि ममता बनर्जी और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी का हाथ है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने भवानीपुर सीट पर अपनी जीत दर्ज की है, वे इस सफलता को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे. कासिम बातचीत के दौरान बार-बार भावुक हो जा रहे थे और कह रहे थे कि इन लोगों ने हमारे चंद दा को छीन लिया, बंगाल की जनता यह बात कभी नहीं भूलेगी. वहीं कासिम के आरोपों पर अभी तक टीएमसी की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

'सुबह शपथ और शाम तक एनकाउंटर चाहिए'

कासिम अली ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि, '9 तारीख को सुबह हमारा मुख्यमंत्री शपथ लेगा और शाम तक आरोपियों का एनकाउंटर चाहिए.' कासिम का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उधर पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और घटनास्थल से मिले सारे सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने उस गाड़ी को सीज कर लिया है जो कि घटना में इस्तेमाल हुआ था और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है.

    follow google news