जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी विकसित होती है, वैसे-वैसे ही स्कैमर्स नए-नए जाल बुनने में लग जाते हैं. इसी कड़ी में अब एक नए स्कैम की जानकारी सामने आई है. अभी तक आप जिस WhatsApp से लोगों से अलग-अलग तरीकों से बातचीत करते आ रहे थे, अब उसी से साइबर ठगी भी की जा रही है. हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर विश्वनाथ चन्नप्पा सज्जनर ने इस नए स्कैम को लेकर अलर्ट किया है. उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि, अगर आपको WhatsApp पर बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज आता है तो जल्दबाजी में घबराकर उसका रिप्लाई नहीं करें, नहीं तो आपका खाता खाली हो सकता है. आइए विस्तार से जानते हैं क्या है यह नया स्कैम और आप कैसे बच सकते हैं इससे.
ADVERTISEMENT
कैसे होता है यह स्कैम?
हैदराबाद पुलिस की ओर से इस नए स्कैम को लेकर एक एडवाइजरी जारी की गई है. इसके मुताबिक, साइबर अपराधी अनजान या विदेशी नंबरों से WhatsApp पर एक मैसेज भेजते है, जिसमें लिखा हुआ होता है कि आपके अकाउंट से कोई ट्रांजैक्शन हुआ है यानी पैसे कटे है. इसके बाद मैसेज में लिखा होता है कि अगर आपने ये ट्रांजैक्शन(लेन-देन) नहीं किया है तो 'NO' लिखकर जवाब दें. पैसे कटने का मैसेज देखकर लोग अकसर घबरा जाते हैं और इसी घबराहट में वह 'NO' रिप्लाई कर देते हैं.
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर विश्वनाथ चन्नप्पा सज्जनर ने बताया कि, जैसे ही आप 'NO' रिप्लाई करते है, तो मैसेज में मौजूद छिपे हुए लिंक और मैलवेयर स्क्रिप्ट अपने-आप एक्टिवेट हो जाते हैं (इसे 'ऑटो-एक्जीक्यूशन फाइल अटैक' कहते हैं), जिससे हैकर्स का फोन पर पूरा कंट्रोल हो जाता है. कुछ ही पल में पैसे गायब हो जाते हैं.
CA से हुई लाखों की ठगी
पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनगर ने बताया कि, हाल में ही इसी स्कैम के जरिए एक CA(चार्टर्ड अकाउंटेंट) से लाखों रुपए की ठगी की गई है. उन्होंने आगे कहा कि, जागरूकता अभियान और ऑनलाइन फ्रॉड पर निगरानी रखने के बावजूद साइबर ठग लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा ले रहे है. ऐसे में लोगों को अनजान मैसेज देखकर घबराना नहीं चाहिए और पहले सारी चीजों को खुद से जांचना-परखना चाहिए. पुलिस ने अपील की है तो किसी भी तरह के लेन-देन के लिए आए WhatsApp मैसेज पर आंख मूंदकर भरोसा ना करें.
इस नए स्कैम से कैसे बचें?
अगर आपके WhatsApp पर खाते से पैसे कटने का किसी भी प्रकार का मैसेज आता है तो सबसे पहले घबराएं नहीं और उसका जवाब देने से बचें. अगर मैसेज में 'Yes' या 'NO' में भी जवाब देने को कहा गया हो तो भी जवाब नहीं दें और सावधानी बरतें. साथ ही ऐसे संदिग्ध नंबरों को जल्दी से ब्लॉक करें और मैसेज को डिलीट करें. अगर आपके पास पैसे कटने का भी मैसेज आता है, तो घबराने की जगह अपने नेट-बैंकिंग या मोबाइल ऐप में खोलकर अपने अकाउंट की जांच करें. अगर जरूरी लगे तो बैंक के ऑफिशियल कस्टमर केयर नंबर पर फोन कर बात करें.
इसके अलावा किसी भी दूसरे या अनजान व्यक्ति के साथ किसी भी तरह का OTP, एटीएम PIN, कोई भी लॉगिन आईडी-पासवर्ड या दूसरी जानकारी शेयर ना करें. अगर आपको लगता है कि आपके अकाउंट से कोई गलत लेन-देन हुआ है तो तुरंत बैंक से संपर्क करें.
साइबर फ्रॉड में पैसे चले जाएं तो क्या करें?
अगर साइबर फ्रॉड किसी तरीके से आपके पैसे निकाल लेते हैं तो तुरंत नेशनल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन कर सारी जानकारी दें. इसके अलावा आप आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. पुलिस के मुताबिक, जितनी जल्दी आप शिकायत दर्ज कराएंगे, उतनी ही जल्दी कार्रवाई होकर आपके पैसे बच सकते हैं. हालांकि जल्दी शिकायत करने के बावजूद भी पैसे मिलने की गारंटी नहीं होती है.
'कॉकरोच जनता पार्टी' के नाम पर आया नया महास्कैम, एक क्लिक करते ही बैंक अकाउंट हो जाएगा साफ!
ADVERTISEMENT


