छात्रों की आवाज बनकर अचानक चर्चा में आए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके इन दिनों लगातार खबरों में बने हुए हैं. जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन की सफलता के बाद अब उन्होंने अपने अगले कदम की तैयारी शुरू कर दी है. इसी बीच, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को अभिजीत से फोन पर बात कर उन्हें विपक्ष के पूरे समर्थन का भरोसा दिलाया.
ADVERTISEMENT
राजनीतिक बातचीत के बीच जब छिड़ी शादी की बात
दिलचस्प बात ये रही कि इस बातचीत के दौरान राजनीति के साथ-साथ निजी जिंदगी का भी एक हल्का-फुल्का मोड़ देखने को मिला. उद्धव ठाकरे ने अभिजीत की मां अनीता दिपके से उनके बेटे के निकाह, शादी के प्लान के बारे में पूछ लिया.
इस पर मुस्कुराते हुए उनकी मां ने जवाब दिया, "दुनिया के हर मां-बाप की तरह मैं भी चाहती हूं कि मेरा बेटा सेटल हो जाए और उसकी शादी हो. मैंने पहले भी अभिजीत से इस बारे में बात की है लेकिन आखिरकार फैसला उसी का होगा."
दरअसल, शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत खैरे खुद अभिजीत के घर पहुंचे थे. वहीं से उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए उद्धव ठाकरे और अभिजीत की बात कराई. लगभग एक घंटे तक चले इस मुलाकात के दौरान खैरे ने मीडिया को बताया कि पूरा विपक्ष छात्रों के इस आंदोलन और अभिजीत के साथ मजबूती से खड़ा है. वहीं, अभिजीत ने भी साफ किया कि जब तक छात्रों की सारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, उनका संघर्ष थमेगा नहीं.
कोई पार्टी नहीं, सिर्फ मुद्दों की लड़ाई
एक विशेष बातचीत में अभिजीत ने अपनी आगे की योजनाओं पर खुलकर विचार साझा किए. उन्होंने एंटी-पेपर लीक कानून प्रभावित परिवारों के मुआवजे और शिक्षा मंत्रालय के रवैये पर कई तीखे सवाल दागे. छात्र नेता ने बताया कि वे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भी मिलने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उन्हें रोक दिया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन को किसी राजनीतिक दल ने नहीं, बल्कि आम जनता और छात्रों की एकजुटता ने ताकत दी है.
अभिजीत ने साफ किया कि उनका इरादा कोई नया राजनीतिक दल गठित करने का नहीं है. वे एक नागरिक समूह के रूप में छात्रों और युवाओं के हक की आवाज उठाते रहेंगे. आंदोलन का तरीका पूरी तरह से लोकतांत्रिक और अहिंसक रहेगा. आंदोलन के शुरुआती दिनों में मुख्यधारा की मीडिया द्वारा इसे सही कवरेज न दिए जाने पर भी उन्होंने निराशा जताई.
कौन है अभिजीत दिपके
महाराष्ट्र के औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर) के रहने वाले अभिजीत दिपके पेशे से एक पॉलिटिकल कम्यूनिकेशन स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्होंने पुणे से पत्रकारिता और अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस (PR) में मास्टर्स किया है। साल 2020 के दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए असरदार मीम कैंपेन और डिजिटल रणनीति बनाने से लेकर दिल्ली के शिक्षा विभाग में कम्यूनिकेशंस एडवाइजर के रूप में काम करने तक, उनके पास राजनीतिक संदेशों को डिजिटल मीडिया पर वायरल करने का तगड़ा अनुभव है. यही वजह है कि जंतर-मंतर पर छात्रों के सफल प्रदर्शन के बाद अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि उनका यह आंदोलन आगे क्या नया मोड़ लेता है.
ये भी पढ़ें: CJP Protest Update: आशुतोष रांका की केंद्र व राज्य सरकारों को दी चेतावनी, कहा- '25 जुलाई का समझौता लागू करो, वरना...'
ADVERTISEMENT


