तीसरी शादी भी टूटी, अभिनेता से नेता बनने के सफर पर निकले और भाई से हो गई बगावत, डिप्टी CM पवन कल्याण की जानें पूरी कहानी

अलका कुमारी

• 04:22 PM • 10 Nov 2026

आंध्र प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री और ‘पावर स्टार’ पवन कल्याण ने शादी के 13 साल बाद अपनी तीसरी पत्नी अन्ना लेजनेवा से आपसी सहमति से तलाक ले लिया है. फिल्मी पर्दे से लेकर राजनीति के शिखर तक अपनी खास पहचान बनाने वाले पवन कल्याण का व्यक्तिगत जीवन डिप्रेशन, तीन शादियों और कई उतार-चढ़ावों से भरा रहा है.

पवन कल्याण
पवन कल्याण
Google CTA

आंध्र प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री और पावर स्टार पवन कल्याण एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल शादी के 13 साल बाद पवन कल्याण और उनकी तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का फैसला किया है. उप-मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में इस बात की पुष्टि की गई है कि दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया है. 

Read more!

बयान में कहा गया है कि ये फैसला पूरी तरह से आपसी समझ और सम्मान के साथ लिया गया है. वैवाहिक रिश्ता खत्म होने के बावजूद दोनों अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे. दोनों ने अपने समर्थकों और मीडिया से इस मुश्किल वक्त में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है.

तीन शादियां और तीन अलग मोड़

पवन कल्याण का फिल्मी करियर जितना शानदार रहा है उनकी निजी जिंदगी उतनी ही उतार-चढ़ाव भरी रही है. ये उनका तीसरा तलाक है. फिल्मों में कदम रखने के तुरंत बाद 1997 में परिवार की पसंद से पवन की पहली शादी नंदिनी से हुई थी. हालांकि ये  रिश्ता ज्यादा वक्त नहीं चल सका क्योंकि इसी दौरान पवन अपनी को स्टार रेनू देसाई के साथ रहने लगे थे. लंबे चले कानूनी विवादों के बाद आखिरकार 2007 में दोनों का तलाक हो गया. पहली पत्नी से अलग होने के बाद पवन ने साल 2009 में रेनू देसाई से दूसरी शादी की जिनसे उनके दो बच्चे अकिरा और आध्या हुए, लेकिन शादी के तीन साल बाद 2012 में ही ये रिश्ता भी टूट गया.

रेनू से अलग होने के बाद पवन की मुलाकात एक फिल्म की शूटिंग के दौरान रूसी मॉडल अन्ना कोनिडेला से हुई और दोनों को प्यार हो गया. इसके बाद साल 2013 में पवन ने अन्ना से तीसरी शादी रचाई, जिनसे उनकी एक बेटी पोलेना और बेटा मार्क शंकर हैं. अब शादी के 13 साल बाद यह रिश्ता भी खत्म हो गया है.

अपनी इन शादियों पर पवन कल्याण ने एक इंटरव्यू में खुलकर बात करते हुए कहा था कि उनका कभी भी शादी करने का मन नहीं था, लेकिन वक्त और हालात ऐसे बनते चले गए कि एक रिश्ता न चलने की वजह से उन्हें दोबारा कदम बढ़ाना पड़ा.

डिप्रेशन से पावर स्टार बनने तक का सफर

आज भले ही पवन कल्याण करोड़ों दिलों पर राज करते हैं लेकिन उनकी शुरुआती जिंदगी काफी संघर्षपूर्ण और उतार-चढ़ाव भरी रही है. आंध्र प्रदेश के एक पुलिस कॉन्स्टेबल के घर जन्मे पवन का असली नाम 'कोनिडेला कल्याण बाबू' था. बचपन में पढ़ाई में मन न लगने और अस्थमा की बीमारी के चलते वे गंभीर डिप्रेशन में चले गए थे. हालात इतने बिगड़ गए थे कि एक वक्त उन्होंने अपने बड़े भाई चिरंजीवी की लाइसेंसी पिस्टल से सुसाइड करने की कोशिश भी की थी, हालांकि परिवार वालों ने समय रहते उन्हें बचा लिया.

इस मुश्किल दौर से उबरने के बाद उन्होंने मार्शल आर्ट्स पर ध्यान दिया और कराटे में ब्लैक बेल्ट हासिल की. आगे चलकर एक मार्शल आर्ट शो के दौरान उन्होंने अपना नाम बदलकर पवन कल्याण रख लिया जो बाद में उनकी पहचान बन गया. दिलचस्प बात यह है कि पवन की शुरुआती दिलचस्पी फिल्मों में जाने की बिल्कुल नहीं थी, वे तो सिर्फ खेती-किसानी करना चाहते थे. लेकिन भाभी सुरेखा के प्रेरित करने पर उन्होंने साल 1996 में फिल्मों की दुनिया में कदम रखा. पवन कल्याण ने साल 1996 में फिल्म अक्कड़ा अम्मायी इक्काडा अब्बायी से अपना फिल्मी डेब्यू किया था. इसके बाद साल 1999 में वे थोली प्रेमा में नजर आए, जिसे नेशनल अवॉर्ड और 6 नंदी अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया था. इसी क्रम में आगे उन्होंने फिल्म 'थम्मुडु' में एक किक बॉक्सर की मुख्य भूमिका निभाई थी. 1997 से 1999 के बीच उनकी लगातार छह फिल्में सुपरहिट साबित हुईं, जिससे वे रातों-रात तेलुगु सिनेमा के सबसे बड़े सितारे बन गए और उन्हें 'पावर स्टार' का खिताब मिला.

पवन कल्याण अपनी प्रोफेशनल लाइफ में हमेशा अपने उसूलों और सिद्धांतों के पक्के रहे हैं. इसका एक बड़ा उदाहरण तब देखने को मिला जब एक मशहूर सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड का विज्ञापन करने के लिए उन्हें बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से भी ज्यादा भारी-भरकम फीस का ऑफर मिला था. लेकिन पवन ने यह कहते हुए तुरंत ठुकरा दिया कि जो चीज सेहत के लिए हानिकारक है, उसका प्रचार वे पैसों के लालच में कभी नहीं करेंगे.

राजनीति में चमकी किस्मत 

फिल्मी पर्दे से निकलकर पवन कल्याण ने राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई. 2014 में उन्होंने 'जनसेना पार्टी' का गठन किया. उनकी राजनीतिक शैली हमेशा बेबाक रही है. 2022 में विशाखापत्तनम की एक रैली में जब सत्ताधारी दल के नेताओं ने उन्हें 'पैकेज स्टार' कहा, तो पवन ने मंच पर अपनी चप्पल हाथ में उठाकर विरोधियों को खुली चुनौती दे दी थी.

2024 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में पवन कल्याण की जनसेना पार्टी, टीडीपी और बीजेपी गठबंधन का अहम हिस्सा बनी. चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने संसद भवन में पवन कल्याण की तारीफ करते हुए कहा था "यह पवन नहीं, आंधी है." वर्तमान में पवन कल्याण टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडू की सरकार में आंध्र प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

कुल नेटवर्थ भा जान लीजिए

पवन कल्याण की कुल नेटवर्थ 116 करोड़ रुपये है. वे एक फिल्म के लिए 10 से 12 करोड़ रुपये की फीस चार्ज करते हैं और ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए 4 करोड़ रुपये लेते हैं. संपत्ति की बात करें तो विजयवाड़ा में उनका 16 करोड़ का घर और हैदराबाद के जुबली हिल्स में 12 करोड़ का बंगला है. इसके अलावा तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में उनका एक फार्म हाउस भी है.

ये भी पढ़ें: 13 साल का साथ और 3rd डिवोर्स! पवन कल्याण के तलाक की पोस्ट ने मचाया हड़कंप, जानें क्या है पूरा मामला