झारखंड में सरकारी नौकरी की परीक्षाओं में हो रही धांधली को लेकर छात्र सड़कों पर हैं और उनका आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. इस दौरान सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है जो इन छात्रों के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं. छात्रों की आवाज बुलंद करते हुए उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा है. यह शख्स कोई और नहीं बल्कि झारखंड की राजनीति में टाइगर के नाम से मशहूर विधायक जयराम महतो हैं.
ADVERTISEMENT
कौन हैं जयराम महतो
जयराम महतो का जन्म 27 दिसंबर 1994 को धनबाद जिले के मानटांड़ गांव में हुआ था. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा कोयलांचल विश्वविद्यालय से पूरी की. पिछले चार सालों से वे झारखंड में भाषा, स्थानीय अधिकारों, खतियान और युवाओं के रोजगार जैसे जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं.
साल 2023 में उन्होंने झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति (JBKSS) के रूप में एक राजनीतिक संगठन की नींव रखी, जिसे बाद में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) का नाम दिया गया.
वर्तमान में जयराम महतो गिरिडीह जिले की डुमरी विधानसभा सीट से विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी के प्रमुख हैं. उन्हें उनके समर्थक उनके आक्रामक और तेवर भरे भाषणों के कारण प्यार से टाइगर जयराम भी कहते हैं.
क्यों हो रही इनकी चर्चा
छात्रों के समर्थन में उनके कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के चर्चित बयान पर सीधा और तीखा पलटवार किया है. दरअसल, अनशन पर बैठे छात्रों और JPSC आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि "वे छात्रों के प्रति अपना भाव सीना चीर कर नहीं दिखा सकते." उनके इसी बयान पर तंज कसते हुए जयराम महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री को सीना चीर कर अपना दर्द साबित करने की जरूरत नहीं है, बल्कि छात्र और वे खुद कागजों के जरिए यह चीर कर दिखा देंगे कि सरकार को युवाओं से ज्यादा अपने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की चिंता है.
इतना ही नहीं उन्होंने लोकायुक्त की बहाली और JPSC के सदस्यों की नियुक्ति के कागजात का हवाला देते हुए सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं में अपने करीबियों को बैठाने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य में CO, BDO से लेकर DSP तक के पदों के लिए रेट कार्ड तय हैं और 20 से 30 लाख रुपये तक में सीटें बेची जा रही हैं, जिसकी वजह से आम और गरीब छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है.
छात्रों के बीच पहुंचकर इस तरह बिना डरे तीखे तेवर में बोलना और सरकार के बयानों का आक्रामक जवाब देना ही उनके इस वीडियो के वायरल होने की सबसे बड़ी वजह है.
ADVERTISEMENT


