चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन इन दिनों चर्चा में हैं. वजह है तिरुमला के श्री वेंकटेश्वर मंदिर में भगवान को चढ़ाए गए 121 किलो सोने के आभूषण. इस भेंट की कीमत करीब 160 से 208 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में जैन ने ये आभूषण तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को सौंपे.
ADVERTISEMENT
वर्धमान जैन की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है, क्योंकि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत नौकरी से की थी. इसके बाद अमेरिका जाकर आईटी सेक्टर में अपनी कंपनी खड़ी की. धीरे-धीरे उनका कारोबार अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा. एक बड़े कारोबारी सौदे ने उनकी संपत्ति को नई ऊंचाई दी. आज उनका नाम हजारों करोड़ रुपये के कारोबार से जुड़ा है.
नौकरी से शुरू हुआ सफर, अमेरिका में बनाया बड़ा कारोबार
वर्धमान जैन चेन्नई के रहने वाले कारोबारी हैं. उन्होंने पेशेवर जीवन की शुरुआत नौकरी से की थी. इसके बाद वह अमेरिका चले गए और वहां आईटी सेक्टर में अपना कारोबार शुरू किया.
कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने लगातार काम किया. धीरे-धीरे कारोबार का विस्तार हुआ और उनकी कंपनी एक बड़े मुकाम पर पहुंच गई. इसके बाद उन्होंने कंपनी की 60 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया. इस सौदे से उन्हें करीब 1.5 अरब डॉलर मिले. भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 6000 करोड़ रुपये बताई गई है. नौकरी से करियर शुरू करने वाले वर्धमान जैन के लिए यह एक बड़ा कारोबारी पड़ाव था.
किन कंपनियों से जुड़ा है वर्धमान जैन का नाम?
वर्धमान जैन की पहचान आईटी और बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट सेक्टर के कारोबारी के रूप में है. वह कई कंपनियों में अहम पदों पर काम कर चुके हैं.
- Access Healthcare: वह इस कंपनी के संस्थापक और वाइस चेयरमैन हैं.
- Asia Engineering: वह कंपनी के निदेशक हैं.
- Dell Services BPO: वह यहां मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
आईटी और बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव ने उन्हें कारोबारी दुनिया में अलग पहचान दिलाई है. उनकी कुल संपत्ति करीब 8292 करोड़ रुपये बताई जाती है.
भगवान वेंकटेश्वर को क्यों चढ़ाए 121 किलो सोने के आभूषण?
वर्धमान जैन अपनी कारोबारी सफलता को भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद मानते हैं. इसी आस्था और कृतज्ञता के भाव से उन्होंने भगवान को सोने के आभूषण चढ़ाने का संकल्प लिया था. अब उन्होंने 121 किलो सोने से तैयार आभूषण तिरुमला मंदिर को भेंट किए हैं. इनकी कीमत अलग-अलग अनुमानों के मुताबिक 160 से 208 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है.
भेंट में सोने की ईंटों, सिक्कों तक के अलावा भगवान के श्रृंगार के लिए खास तौर पर तैयार किए गए पारंपरिक आभूषण शामिल हैं. इनमें मुकुट, कमरबंद, कंधों के आभूषण, शंख और चक्र के प्रतीक, हार, पायल और दूसरे धार्मिक आभूषण शामिल हैं. इन सभी को चेन्नई में विशेष रूप से तैयार कराया गया है. इनके डिजाइन और निर्माण में मंदिर की परंपराओं और जरूरतों का ध्यान रखा गया है.
शुक्रवार को अभिषेक के बाद पुजारी भगवान वेंकटेश्वर को इन नए आभूषणों से सजाएंगे. इस दान को तिरुमला मंदिर में किसी एक व्यक्ति की ओर से दी गई सबसे बड़ी भेंट में से एक माना जा रहा है.
सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हैं वर्धमान जैन
वर्धमान जैन की पहचान सिर्फ एक सफल कारोबारी के तौर पर नहीं है. वह सामाजिक और परोपकारी गतिविधियों में भी सक्रिय हैं. वह चेन्नई के KKCTH में मैनेजिंग ट्रस्टी की जिम्मेदारी संभालते हैं. इसके अलावा Shree Sarita Jain Foundation Trust के माध्यम से भी सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं.
'भक्ति' पर बेअसर रहा Tirupati लड्डू विवाद, 4 दिन में श्रद्धालुओं ने खरीद डाले 14 लाख से ज्यादा लड्डू
ADVERTISEMENT


