मुंबई के पास मीरा रोड इलाके में सोमबार की सुबह यानी 27 अप्रैल को एक सिरफिरे युवक ने दो सुरक्षा गार्डों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि हमलावर ने सबसे पहले दोनों गार्ड से उनका नाम और धर्म पूछा और कहा कि क्या वे कलमा पढ़ सकते हैं. इसके बाद उसने उन पर हमला कर दिया. हमला इतना खतरनाक था कि पुलिस ने इसमें आतंकी साजिश के शक में जांच ATS यानी एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड को सौंप दी है.
ADVERTISEMENT
ये पूरा मामला नया नगर इलाके का है जहां वॉकहार्ट अस्पताल के पीछे एक बिल्डिंग का काम चल रहा है. सुबह लगभग 4 बजे के करीब जैब जुबैर अंसारी नाम का युवक वहां पहुंचा. उसने सुरक्षा गार्ड राजकुमार मिश्रा से किसी बात पर बहस शुरू की और अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया. जब पास खड़े दूसरे गार्ड सुब्रतो सेन ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने दूसरे गार्ड पर भी हमला करके उन्हें लहूलुहान कर दिया. फिलहाल राजकुमार मिश्रा की हालत नाजुक है और वे अस्पताल में भर्ती हैं.
कौन है आरोपी जैब अंसारी?
पुलिस के मुताबिक जैब अंसारी ने साल 2019 में अमेरिका से पढ़ाई पूरी की थी और भारत लौटा था. वह मीरा रोड में अकेला रह रहा था. पुलिस ने फुटेज की मदद से वारदात के महज 90 मिनट के भीतर उसे दबोच लिया.
ATS की एंट्री और 'लोन वुल्फ' अटैक का शक
शुरुआती जांच में यह मामला सिर्फ झगड़े का नहीं लग रहा है. सूत्रों के मुताबिक आरोपी के फोन से कुछ भड़काऊ वीडियो और आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं. शक है कि यह एक 'लोन वुल्फ' अटैक यानी खुद के दम पर किया गया हमला हो सकता है जो किसी खास विचारधारा से प्रेरित था. हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए अब एटीएस (ATS) इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या जैब किसी बड़े हमले की साजिश रच रहा था.
किरीट सोमैया करेंगे दौरा
वहीं दूसरी तरफ इस घटना के बाद राजनीति भी गरमा गई है. बीजेपी नेता किरीट सोमैया आज मीरा रोड पहुंच रहे हैं. वे सबसे पहले अस्पताल जाकर घायल गार्ड्स का हालचाल जानेंगे और फिर नया नगर पुलिस स्टेशन जाकर अधिकारियों से इस केस की जानकारी लेंगे.
पुलिस ने क्या कहा
विशेष आईजी डॉ. मनोज कुमार शर्मा खुद इस केस पर नजर रखे हुए हैं. नया नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आगे की पूरी तफ्तीश अब एटीएस की टीम करेगी.
ये भी पढ़ें: देखते ही देखते उजड़ गए 70 से ज्यादा आशियाने! हापुड़ अग्निकांड में ट्रांसपोर्ट गोदाम और फैक्ट्री को भी हुआ भारी
ADVERTISEMENT


