गुजरात के मोरबी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के वीरपरडा गांव में किसान प्राणजीवनभाई सादरिया के खेत में बने एक कुएं का पानी अचानक जोर-जोर से हिलने लगा. पानी में हो रही इस तेज हलचल की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा.
ADVERTISEMENT
कई दिनों से जारी है पानी में हलचल
स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी में यह अजीबोगरीब हलचल सबसे पहले रविवार और सोमवार को देखी गई थी. हालांकि, मंगलवार को पानी अचानक शांत हो गया था, जिससे लगा कि मामला सामान्य हो गया है. लेकिन बुधवार और गुरुवार को कुएं का पानी एक बार फिर से जोर-जोर से हिलने लगा. इस घटना ने गांव वालों और राहगीरों के बीच भारी कौतूहल और डर का माहौल बना दिया है.
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
मामले की गंभीरता और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए मोरबी के कलेक्टर स्वप्निल खरे ने तुरंत जांच के आदेश दिए. आदेश मिलते ही मोरबी के भूस्तर शास्त्री (जियोलॉजिस्ट) जगदीश वाढेर ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कुएं का जायजा लिया.
वैज्ञानिकों ने बताई पानी हिलने की वजह
शुरुआती वैज्ञानिक जांच के बाद अधिकारियों ने इस घटना के पीछे की वजह साफ की है. अधिकारियों और भूस्तर शास्त्रियों का मानना है कि यह कुआं नया बना है. हाल ही में हुई बारिश की वजह से कुआं तेजी से रिचार्ज हो रहा था. जब बारिश का पानी कुएं में तेजी से गया, तो नीचे जमीन के अंदर हवा (एयर) फंस गई. वही फंसी हुई हवा दबाव के साथ बाहर निकलने की कोशिश कर रही है, जिसकी वजह से सतह पर पानी इतनी जोर से हिलता हुआ दिखाई दे रहा है. फिलहाल, भूवैज्ञानिक पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT

