Nepal Flash Flood: तिब्बत से आई बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही, ताश के पत्तों की तरह बहे घर और पुल, बिहार के कई जिले अलर्ट पर

पंकज दास

26 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 26 2026 2:09 PM)

नेपाल के रसुवा में तिब्बत की तरफ से आई भीषण बाढ़ ने तबाही मचाई. कई घर और गाड़ियां बहीं, सेना के हेलीकॉप्टर तैनात. जानें हालात का पूरा अपडेट.

Google CTA

भारत के पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. तिब्बत की ओर से भोटे कोशी (लेनदेखोला) नदी में अचानक आए उफान के कारण नेपाल के रसुवा जिले में भीषण तबाही की तस्वीरें सामने आई हैं. बाढ़ के तेज बहाव में कई घर ताश के पत्तों की तरह बह गए, जबकि सीमा क्षेत्र में खड़े दर्जनों वाहन पानी में बह गए. एक नया वीडियो भी सामने आया है जिसमें त्रिशूली नदी में बाढ़ आने और घर और पुल बहते दिख रहे हैं. 

Read more!

सुबह 9 बजे आई तबाही, टिमूरे बाजार और कस्टम क्षेत्र तबाह

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, यह भीषण बाढ़ सुबह करीब 9:00 बजे अचानक आई. बाढ़ के पानी ने रसुवा स्थित टिमूरे बाजार और सीमा नाके के कस्टम क्षेत्र को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. बाढ़ की चपेट में आने से कई जल विद्युत परियोजनाएं (Hydroelectric Projects) और रिहायशी बस्तियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. 

इसके अलावा, पुलिस के तीन कार्यालयों- इलाका प्रहरी कार्यालय (टिमूरे), प्रहरी चौकी (स्याफू बेसी) और प्रहरी चौकी (रसुवा गढ़ी) को भी भारी नुकसान पहुंचा है. बाढ़ का असर रसुवा से आगे नुवाकोट जिले तक देखा जा रहा है. 

नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर रवाना, काठमांडू से ट्रैफिक रोका गया 

हालात की गंभीरता को देखते हुए काठमांडू ट्रैफिक पुलिस ने काठमांडू से रसुवा, नुवाकोट, चितवन और धादिंग जाने वाली सभी गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत और बचाव कार्य चलाने के लिए नेपाली सेना के दो हेलीकॉप्टर रवाना किए हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय ने देश की सभी निजी हेलीकॉप्टर कंपनियों को भी अलर्ट और तैयार रहने का निर्देश दिया है ताकि आपात स्थिति में लोगों को एयरलिफ्ट किया जा सके. 

पीएम ने बुलाई आपात बैठक, नदी तटीय इलाकों में अलर्ट जारी 

भोटे कोशी नदी में आए उफान के चलते रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा और चितवन जिलों से होकर बहने वाली नदियों के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है. अचानक आई बाढ़ नेपाल के रसुवा में घुसा. एक वीडियो में नदी के किनारे मल्टी स्टोरी बिल्डिंग पर पानी का प्रयंकारी अटैक और खिलौने की तरह लोहे का बहता पुल साफ देख जा सकता है. 

नेपाल सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन को लेकर आपात बैठक बुलाई है. प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह खुद प्रभावित जिलों के अधिकारियों के संपर्क में हैं और लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. सरकार की प्राथमिकता तटीय क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और राहत सामग्री पहुंचाने की है. 

नेपाल में प्रलयंकारी बाढ़, बिहार के कई जिले अलर्ट पर

नेपाल में गंडक नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड के हालात को देखते हुए बिहार में अलर्ट जारी किया गया है. गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ने और करीब 3 मीटर तक ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना है. इसे देखते हुए पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक हुई. इसमें संबंधित जिलों के अधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटबंधों और निचले इलाकों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. 

बिहार सरकार की अपील- घबराएं नहीं...सतर्क रहें

जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए नाव, शेल्टर और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था रखने को कहा गया है. गोपालगंज के लिए एक NDRF टीम भेजने का निर्देश दिया गया है, जबकि एक टीम मुजफ्फरपुर में स्टैंडबाय पर रहेगी. बेतिया में भी NDRF की तैनाती की जा रही है. जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज और तटबंधों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहें और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. अफवाहों पर ध्यान न दें. 

बिहार से इनपुट: रोहित सिंह

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने उड़ाया था पाकिस्तान का किराना हिल्स? पूर्व CDS अनिल चौहान ने बता दी असली बात