नेपाल में तिब्बत की ओर से अचानक आए सैलाब ने भारी तबाही मचा दी है. तिब्बत की ओर से रसुवा स्थित त्रिशूली नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, बाढ़ में 36 लोगों को चोटें आई हैं. बागमती प्रदेश पुलिस कार्यालय ने बुधवार शाम करीब 3:45 बजे ये जानकारी दी. इस सैलाब के चलते 384 लोग लापता हैं. इसमें 105 भारतीय पर्यटक हैं.
ADVERTISEMENT
नेपाल के प्रलयंकारी बाढ़ का एक खौफनाक दृश्य भी सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया है. ये सीसीटीवी नेपाल के रसुवागढ़ी से जुड़ा हुआ चीन के केरूंग बॉर्डर पर स्थित कस्टम ऑफिस का है. यहां से नेपाल में कंटेनर आते हैं और इसी रास्ते से मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले यात्री जाते हैं. सीसीटीवी में कैद यह दृश्य बुधवार सुबह 11 बजे का है जो करीब 8:45 नेपाली समय का है.
तिब्बत से सटे जिलों में मची तबाही
बुधवार सुबह तिब्बत की सीमा से लगे नेपाल के दो मध्य जिलों में अचानक आई जबरदस्त बाढ़ ने नदी किनारे बसे इलाकों में भारी तबाही मचाई है. बाढ़ से करीब दर्जन पनबिजली परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है. अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे (स्थानीय समय) तिब्बत की ओर से भोते कोशी नदी में बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ा, जिससे तिब्बत से सटे रसुवा और धाडिंग जिले और काठमांडू के दक्षिण-पश्चिम में स्थित नुवाकोट जिला में तबाही का मंजर देखने को मिला है.
लापता पर्यटकों में सबसे ज्यादा भारतीय ?
नेपाल पर्यटन बोर्ड (NTB) के एक बयान के अनुसार, रसुवा में आई बाढ़ के कारण कुल 384 यात्री - जिनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं. इन यात्रियों में 105 भारतीय पर्यटक, 37 NRI और बाकी पर्यटक USA, मलेशिया, UK, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड से हैं. नेपाल पर्यटन बोर्ड ने मदद के लिए एक टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर 1234, हॉटलाइन 1144 या टूरिस्ट पुलिस नंबर 9851289445 भी जारी किया है.
नेपाल पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस और अन्य संबंधित निकाय प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों की खोज और बचाव में लगे हैं. पर्यटन एजेंसियों द्वारा बोर्ड को उपलब्ध कराए गए प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार-
सबसे अधिक ट्रेकर्स सोसाइटी के माध्यम से यात्रा पर गए 92 लोग और सम्राट टूर एंड ट्रैवल्स के माध्यम से गए 71 लोग लापता हैं. इसके अलावा लीफ हॉलिडे के 55, हिमालयन ग्लेशियर के 52 पर्यटकों समेत अन्य एजेंसियों के जरिए यात्रा कर रहे लोग भी लापता हैं. पर्यटन बोर्ड स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और ट्रेकिंग गाइडों के साथ कॉर्डिनेट कर लापता लोगों से संबंधित आंकड़ों की जांच कर रहा है. साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान को तेज करने का प्रयास जारी है.
भारतीय पर्यटकों के लिए इमर्जेंसी नंबर जारी
नेपाल के बाढ़ में फंसे या प्रभावित भारतीय पयर्टकों के लिए आपातकालीन नंबर जारी किया गया है. भारतीय +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 नंबर पर मदद के लिए कॉन्टैक्ट कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT

