Mumbai-Goa Highway Accident: मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. रत्नागिरी जिले के लांजा रेस्ट हाउस के पास शांतिनगर में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहाँ हाईवे पर खड़े एक डंपर में तेज रफ्तार क्रेटा कार पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस दिल दहला देने वाले एक्सीडेंट में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है.
ADVERTISEMENT
गोवा से मुंबई जा रही थी कार
मिली जानकारी के मुताबिक, क्रेटा कार (नंबर MH 01 CP 8021) गोवा से मुंबई की तरफ जा रही थी. जैसे ही कार लांजा के शांतिनगर इलाके में पहुँची, सड़क किनारे खड़े एक डंपर (नंबर MH 05 EL 3877) से पीछे से टकरा गई. हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया.
दो महिलाओं और दो पुरुषों ने मौके पर तोड़ा दम
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोगों में दो महिलाएँ और दो पुरुष शामिल हैं. इन चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हाईवे पर लगे जाम को हटाकर यातायात को सामान्य किया गया.
ADVERTISEMENT

