आज के मुख्य समाचार 4 अक्टूबर सितंबर 2024 LIVE: अजित पवार गुट की पार्टी एनसीपी के कई विधायकों और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर नरहरि झिरवाल ने शुक्रवार को मुंबई में महाराष्ट्र सरकार के प्रशासनिक मुख्यालय 'मंत्रालय भवन' की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा पर माड़ इलाके में पुलिस नक्सल मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे गए हैं. मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं.
लाइव-ब्लॉग समाप्त हुया।
- 08:12 PM • 04 Oct 2024
छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 30 नक्सली ढेर
Chhattisgarh naxal attack: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-दंतेवाड़ा सीमा पर माड़ इलाके में पुलिस नक्सल मुठभेड़ में 30 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है. मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुआ है. नक्सलियों के पास से स्वचालित हथियार मिले हैं. आसपास के इलाके में अभी पुलिस छान-बीन कर रही है.
- 04:50 PM • 04 Oct 2024
पाकिस्तान जाएंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाएंगे. विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है. इस बार एससीओ शिखर सम्मेलन की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है. यह बैठक 15-16 अक्टूबर को होगी.
- 04:00 PM • 04 Oct 2024
महाराष्ट्र: अहमदनगर का नाम बदलकर हुआ अहिल्यानगर
महाराष्ट्र: अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्यानगर करने की मांग को आज राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दे दी गई, केंद्र सरकार द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद अहमदनगर जिले का नाम अब अहिल्यानगर के नाम से जाना जाएगा, राजस्व मंत्री और पालकमंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने नाम परिवर्तन के इस निर्णय का स्वागत किया और खुशी जताई. इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष पुण्यश्लोक अहिल्या देवी की 300वीं जयंती है और उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय एक ऐतिहासिक घटना है.
- 02:47 PM • 04 Oct 2024
महाराष्ट्र: डिप्टी स्पीकर नरहरि झिरवाल 'मंत्रालय भवन' की तीसरी मंजिल से कूदे
अजित पवार गुट की पार्टी एनसीपी के कई विधायकों और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर नरहरि झिरवाल ने शुक्रवार को मुंबई में महाराष्ट्र सरकार के प्रशासनिक मुख्यालय 'मंत्रालय भवन' की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. गनीमत रही के ये सभी बिल्डिंग में लगे सेफ्टी नेट में फंस गए और नीचे फर्श पर गिरने से बच गए. पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई.
दरअसल नरहरि झिरवाल कई आदिवासी विधायकों के साथ आंदोलन कर रहे रहे थे. इन विधायकों का कहना है कि धनगरों को आदिवासी आरक्षण में कोटा नहीं दिया जाए और उनके लिए अलग से रिजर्वेशन की व्यवस्था की जाए. इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र के आदिवासी विधायक लगातार आंदोलन कर रहे हैं. मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान अजित पवार गुट के आदिवासी विधायकों ने मंत्रालय भवन की तीसरी मंजिल से सेफ्टी नेट पर छलांग लगाकर विरोध प्रदर्शन किया. उनके साथ डिप्टी स्पीकर नरहरि झिरवाल भी सेफ्टी नेट में कूद गए.
- 01:34 PM • 04 Oct 2024
3 दिन बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए बॉलीवुड एक्टर गोविंदा
बॉलीवुड एक्टर गोविंदा 3 दिन अस्पताल से शुक्रवार को डिस्चार्ज हो गए हैं. इस दौरान एक्टर के साथ उनका परिवार भी नजर आया. पत्नी सुनीता मुश्किल वक्त में उनके साथ साए की तरह रहीं. मंगलवार को एक्टर को अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से गोली लग गई थी.अस्पताल से बाहर मीडिया से बातचीत गोविंदा ने कहा कि अब वो एकदम ठीक हैं.
घटना 1 अक्टूबर, सुबह 4 बजकर 45 मिनट के आसपास की है. गोविंदा कोलकाता के लिए रवाना हो रहे थे. घर से निकलने से पहले एक्टर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर को साफ कर केस में रख रहे थे. तभी गन उनके हाथ से छूटकर नीचे गिरी. इस दौरान मिसफायर हुआ और एक्टर के पैर में 1 गोली लगी. मालूम हो, रिवॉल्वर में 6 गोलियां लोड थीं. फायरिंग की आवाज सुनते ही घर पर मौजूद लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए.
- 12:58 PM • 04 Oct 2024
BJP नेता के घर पर अटैक, आवास पर फेंके गए बम
पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के घर पर आज सुबह देसी बम फेंके गए. इसके अलावा कई राउंड फायरिंग भी की गई. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल में शुक्रवार सुबह भाजपा के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के घर ‘मजदूर भवन’ के बाहर ये बम फेंके गए.
- 12:56 PM • 04 Oct 2024
भारत के 4 नए स्टोर खोलेगा Apple
Apple कंपनी भारत में अपने 4 नए स्टोर खोलने की प्लानिंग कर रहा है. एपल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ रिटेल, डियर्ड्रे ओ'ब्रायन ने बताया, हम भारत में और स्टोर्स खोलने की प्लानिंग बना रहे हैं. ये स्टोर्स पुणे, बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में ओपेन होंगे.
- 11:56 AM • 04 Oct 2024
तिरुपति मंदिर प्रसाद मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, किया नई एसआईटी का गठन
तिरुपति मंदिर में भोग प्रसाद के लड्डूओं में कथित मिलावटी घी के प्रयोग से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई हो रही है. इस दौरान कोर्ट ने जांच के लिए नई एसआईटी का गठन किया है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मिलावट के आरोपों की जांच राज्य सरकार की SIT नहीं करेगी. इसके लिए नई एसआईटी का गठन किया गया है. लड्डू प्रसाद विवाद की जांच के लिए सुप्रीम ने आदेश जारी कर सीबीआई निदेशक की निगरानी में नई विशेष जांच समिति बनाई है. SIT में CBI के दो अधिकारी, आंध्र प्रदेश सरकार के दो प्रतिनिधि और FSSAI का एक सदस्य शामिल है. SIT जांच की निगरानी CBI डायरेक्टर करेंगे.
- 11:27 AM • 04 Oct 2024
दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर की ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर की ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत. रेलवे ट्रैक पर मिला शव. घर से ड्यूटी पर जाने की बोलकर निकला था सब इंस्पेक्टर. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया. साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू की.
- 10:26 AM • 04 Oct 2024
अरविंद केजरीवाल आज खाली करेंगे CM आवास, AAP सांसद के सरकारी बंगले में होंगे शिफ्ट
अरविंद केजरीवाल आज दिल्ली के सीएम आवास को खाली करेंगे. अब केजरीवाल 5 फिरोजशाह रोड बंगले में शिफ्ट होंगे, जो राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के नाम पर आवंटित है. आज सुबह 11 बजे के आसपास आवास को खाली करने की उम्मीद है.
- 10:01 AM • 04 Oct 2024
दिल्ली पुलिस ने 500 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी एप घोटाले का किया भंडाफोड़; एल्विश यादव, भारती सिंह को समन
दिल्ली पुलिस ने 500 करोड़ रुपये के एक बड़े धोखाधड़ी घोटाले का पर्दाफाश किया है, जिसमें प्रसिद्ध यूट्यूबर एल्विश यादव, कॉमेडियन भारती सिंह और तीन अन्य प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को समन भेजा गया है. पुलिस को इस घोटाले के संबंध में 500 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं.
पुलिस ने बताया कि इस धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी, जो चेन्नई निवासी हैं, शिवराम (30) को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोप है कि शिवराम और अन्य सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्तियों ने एक मोबाइल एप्लिकेशन का प्रचार किया, जिससे निवेशकों को आकर्षित किया गया. शिकायत के अनुसार, सौरव जोशी, अभिषेक मल्हान, पूरव झा, एल्विश यादव, भारती सिंह, हर्ष लिंबाचिया, लक्ष्य चौधरी, आदर्श सिंह, अमित और दिलराज सिंह रावत जैसे कई अन्य ने इस एप्लिकेशन को बढ़ावा दिया.
- 09:28 AM • 04 Oct 2024
हरियाणा में किसकी होगी जीत? योगेंद्र यादव की चौंका देने वाली भविष्यवाणी
हरियाणा में कल यानी 5 अक्टूबर को मतदान होगा. मतदान से पहले योगेंद्र यादव ने तीन संभावनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि उनका मानना है कि हरियाणा में कांग्रेस की लहर चल रही है. उन्होंने कहा, "मैं जमीन पर घूम करा हूं, देख रहा हूं और उसके बाद कह रहा हूं." एक निजी टीवी चैनल से बात करते हुए कहा, "हरियाणा चुनाव को लेकर संभावनाएं हैं. उन्होंने कहा, "पहली संभावना है कि कांग्रेस के पक्ष में हवा चल रही है. दूसरी संभावना ये है कि कांग्रेस के पक्ष में आंधी चल रही है. तीसरी संभावना है कि कांग्रेस के पक्ष में सुनामी चल रही है." उन्होंने आगे कहा, यह कोई भविष्यवाणी नहीं, बल्कि हरियाणा की राजनीति का सामान्य ज्ञान है. भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, और कांग्रेस की बढ़त स्पष्ट है.
- 08:55 AM • 04 Oct 2024
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट. अंबानी के 36 हजार करोड़ और अडानी के 24 हजार करोड़ स्वाहा
गुरुवार को ईरान और इजरायल जंग का असर से भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखी गई. जिसका असर भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की नेटवर्थ पर भी पड़ा है. दोनों दोनों ही टॉप अरबपतियों की लिस्ट में नीचे खिसक गए हैं. एक ओर सेंसेक्स 1770 अंक टूटकर बंद हुआ था, तो वहीं निफ्टी 546 अंक की गिरावट में रहा था.
भारतीय बाजार में आई गिरावट के चलते रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर में 3.95% की गिरावट हुई. जिससे रिलायंस चेयरमैन की नेटवर्थ में बीते 24 घंटे में ही 4.29 अरब डॉलर या करीब 36000 करोड़ रुपए की कमी आई है. वहीं अडानी ग्रुप के बाजार में लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में गिरावट हुई. इस गिरावट के चलते गौतम अडानी की नेटवर्थ 2.93 अरब डॉलर या करीब 24,600 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ. अडानी 14वें पायदान से खिसक कर 17वें नंबर पर पहुंच गए.
- 08:49 AM • 04 Oct 2024
आज से विश्व कप की शुरूआत, भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से
ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आगाज हो गया है. यह टूर्नामेंट बांग्लादेश से यूएई में ट्रांसफर किया गया. आज भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड टीम से है. भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में है. भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 6 अक्टूबर को होगा.
- 08:25 AM • 04 Oct 2024
हरियाणा में चुनाव से एक दिन पहले किस पार्टी को बढ़त
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार हरियाणा में कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है. वोटिंग से पहले तक कांग्रेस 40 से 50 सीटों पर मजबूत नजर आ रही है, जबकि भाजपा 22 से 32 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है. भाजपा की सीटों की संख्या काफी हद तक साइलेंट वोटर्स और जाट-दलित वोटों के बंटवारे पर निर्भर करेगी.
ADVERTISEMENT


