NEET पेपर लीक पर संसद में घमासान, अमित शाह बोले- चर्चा के लिए तैयार, राहुल गांधी का पलटवार- लेक्चर नहीं सुनना

न्यूज तक डेस्क

• 12:46 PM • 12 Aug 2026

NEET पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर संसद में सियासी टकराव बढ़ गया है, अमित शाह ने विपक्ष को चर्चा की चुनौती देते हुए कहा कि वह हर सवाल का जवाब देंगे. राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें लेक्चर नहीं चाहिए. उन्होंने छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश देने वाले की जवाबदेही मांगी.

Amit Shah, Rahul Gandhi
Amit Shah, Rahul Gandhi
Google CTA

NEET पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ गया है. विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांग रहा था. अब अमित शाह ने विपक्ष को चर्चा की चुनौती दी है. उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और वह खुद सवालों के जवाब देंगे.

Read more!

अमित शाह बोले- चर्चा से भाग नहीं रही सरकार

अमित शाह ने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है. उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह लोकसभा अध्यक्ष को दोपहर 2 बजे तक चर्चा के लिए पत्र दे. इसके बाद सरकार दोपहर 3 बजे से रात तक चर्चा के लिए तैयार है. उन्होंने अगले दिन भी दोपहर 3 बजे तक चर्चा की पेशकश की.

गृह मंत्री ने साफ कहा कि वह खुद इस चर्चा में मौजूद रहेंगे. उनका कहना था कि सरकार NEET पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन से जुड़े हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है.

अमित शाह ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि संसद में किसी भी गंभीर मुद्दे पर तय नियम और प्रक्रिया के तहत विस्तार से चर्चा होती है. केवल एक बयान देने से चर्चा पूरी नहीं हो सकती.

उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रश्नकाल स्थगित करने के लिए सरकार तैयार है. हालांकि, इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष की अनुमति जरूरी होगी.

शाह ने विपक्ष से पूछा- चर्चा करनी है या बचना है?

अमित शाह ने विपक्ष के सामने सीधे तौर पर सवाल रखा कि वह चर्चा चाहता है या उससे बचना चाहता है. उन्होंने कहा कि सरकार संसद में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार रहती है. गृह मंत्री ने विपक्ष से संसद चलने देने की अपील की और कहा कि गंभीर मुद्दों पर सदन में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए.

राहुल गांधी ने शाह के चैलेंज पर दिया जवाब

अमित शाह के बयान के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया. राहुल ने कहा कि उन्हें अमित शाह का कोई लेक्चर नहीं सुनना है. उन्होंने छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री की भूमिका पर सवाल उठाए.

राहुल गांधी ने कहा कि अगर छात्रों पर पैलेट गन चलाने का आदेश अमित शाह ने दिया था तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने सवाल किया कि छात्रों पर बल प्रयोग का आदेश आखिर किसने दिया.

राहुल ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान एक छात्र की आंख चली गई और दूसरे छात्र को गोली लगी. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि छात्रों पर कीलों वाली लाठियों से कार्रवाई करने का आदेश किसने दिया था.

राहुल बोले- युवाओं को भाषण नहीं, जवाब चाहिए

राहुल गांधी ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी अमित शाह की कल्पना या भाषण सुनने में दिलचस्पी नहीं रखती. उनका कहना है कि छात्रों और युवाओं को सिर्फ यह जानना है कि प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग का आदेश किसने दिया था.

इस तरह NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन का मुद्दा संसद में एक बार फिर सियासी टकराव का केंद्र बन गया है. सरकार जहां चर्चा के जरिए सभी सवालों का जवाब देने की बात कह रही है, वहीं विपक्ष छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर सीधे जवाब और जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहा है.