सीएम हिमंत सरमा के कथित 'पॉइंट-ब्लैंक शॉट' वाले वीडियो पर एक्शन, BJP ने सोशल मीडिया को-कन्वीनर को किया बाहर

असम बीजेपी के एक्स हैंडल से शेयर पॉइंट-ब्लैंक शॉट वीडियो पर सियासी बवाल बढ़ गया है. पार्टी ने जिम्मेदार सोशल मीडिया को-कन्वीनर को हटा दिया है. मामले में कांग्रेस और AIMIM की शिकायतों के बाद FIR दर्ज की गई थी. हीं, सीएम हिमंत ने कहा कि उन्हें इस वीडियो के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी.

Assam BJP AI Video Controversy
Assam BJP AI Video Controversy

न्यूज तक डेस्क

follow google news

असम बीजेपी के ऑफिशियल एक्स हैंडल से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की 'पॉइंट-ब्लैंक शॉट' वाली वीडियो को लेकर अब बड़ा एक्शन हो गया है. इस मामले में BJP ने अपने सोशल मीडिया को-कन्वीनर रॉन विकास गौरव को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. गौरव को असम BJP के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विवादित AI से बना वीडियो अपलोड करने के लिए जिम्मेदार बताया गया है.

Read more!

बता दें कि वीडियो असम बीजेपी के एक्स हैंडल पर 7 फरवरी को पोस्ट किया गया था. वीडियो में असम के सीएम अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों पर बंदूक तानते नजर आ रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद से विपक्षी दलों ने भाजपा और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखे हमले शुरू कर दिए. मामले में असम के कांग्रेस विधायकों ने असम और AIMIM ने हैदराबाद में केस दर्ज करवाया था.

वीडियो में ऐसा क्या था जिससे बवाल?

असम भाजपा के ऑफिशियल एक्स हैंडल से शेयर किए गए इस वीडियो में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा दिख रहे थे. पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक वीडियो में वे कथित तौर पर एक अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों पर बंदूक तानते नजर आ रहे थे. इस वीडियो में 'पॉइंट-ब्लैंक शॉट' कैप्शन लिखा हुआ था. वीडियो में "विदेशी मुक्त असम" और "पाकिस्तान क्यों नहीं गए?" जैसे विवादास्पद संवादों का भी इस्तेमाल किया गया था.

कांग्रेस ने दर्ज कराई दिसपुर थाने में एफआईआर

इस मामले को लेकर असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया था. कांग्रेस विधायक सिबामोनी बोरा और दिगंत बर्मन ने दिसपुर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि वीडियो की सामग्री सांप्रदायिक थी और इसका उद्देश्य समाज के दो वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाना था. विपक्षी पार्टियों की बढ़ती आलोचना के बाद BJP ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से क्लिप हटा दी. मामले में कार्रवाई करते हुए BJP ने पार्टी ने एक्स हैंडल पर कंटेंट अपलोड करने वाले गौरव को निकाल दिया है.

असदउद्दीन ओवैसी ने भी की कार्रवाई की मांग

इस मामले में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदउद्दीन ओवैसी ने भी मुख्यमंत्री सरमा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. उन्होंने हैदराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए इस वीडियो को हेट स्पीच की कैटेगरी में रखा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की.

मुख्यमंत्री ने दी सफाई,मानहानि का मुकदमा दर्ज

इस पूरे विवाद पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपनी सफाई दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें इस वीडियो के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी. हालांकि, उन्होंने कहा है कि वो अपनी राजनीतिक बातों पर कायम हैं. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर पलटवार करते हुए उन पर 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कर दिया है.

यह भी पढ़ें: असम में चुनाव से पहले हेमंता बिस्वा ने ऐसा क्या पोस्ट कर दिया कि मच गया बवाल, आखिर में करना पड़ा डिलीट

    follow google news