Assam Assembly Election 2026: असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. कांग्रेस ने आगामी चुनाव के लिए 42 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है. इस सूची में कई प्रमुख नेताओं और मौजूदा विधायकों को जगह दी गई है.
ADVERTISEMENT
पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और जोरहाट से सांसद गौरव गोगोई को जोरहाट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. उनके चुनाव मैदान में उतरने से इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है.
42 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान
कांग्रेस की ओर से जारी सूची में कई महत्वपूर्ण सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है. अभिजीत पॉल को सिलचर से टिकट दिया गया है. वहीं इंद्रनील पेगु को माजुली से और मीरा बोरठाकुर गोस्वामी को दिसपुर से चुनाव लड़ने का मौका मिला है. इसके अलावा वरिष्ठ नेता रिपुन बोरा को बरचल्ला सीट से मैदान में उतारा गया है.
रिजर्व और सामान्य सीटों पर भी घोषणा
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने अपर असम, लोअर असम और बराक घाटी के कई निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार तय किए हैं. इनमें आरक्षित और सामान्य दोनों तरह की सीटें शामिल हैं.
बोंगाईगांव से गिरीश बरुआ, बरपेटा (एससी) से महानंदा सरकार और बोको-चायगांव (एससी) से रामेन सिंह राभा को टिकट मिला है. वहीं नंदिता दास को हाजो-सुआलकुची (एससी) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. कमलपुर सीट से सत्यब्रत कलिता चुनाव लड़ेंगे.
कांग्रेस ने बरखेत्री से दिगंता बर्मन, नलबाड़ी से अशोक कुमार सरमा और तिहु से रतुल पटुवारी को उम्मीदवार बनाया है.
सेंट्रल और अपर असम की सीटों में सिपाझार से बिनंदा कुमार सैकिया, जागीरोड (एससी) से बुबुल दास, रूपाहिहाट से नूरुल होदा, समागुरी से तंजील हुसैन और राहा (एससी) से उत्पल बनिया को टिकट दिया गया है.
जल्द घोषित हो सकता है चुनाव कार्यक्रम
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है. निर्वाचन आयोग कभी भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है. राजनीतिक दलों ने तैयारी तेज कर दी है और उम्मीदवारों की सूची जारी करने का सिलसिला शुरू हो गया है.
ऐसा है विधानसभा का समीकरण
वर्तमान में असम विधानसभा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है. भाजपा के 64 विधायक हैं. उसके सहयोगी असम गण परिषद के 9 और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल के 7 विधायक हैं. बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट के भी 3 सदस्य मौजूद हैं.
वहीं विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 और सीपीआई (एम) का एक विधायक है. एक निर्दलीय विधायक भी विधानसभा में है.
ऐसे रहे 2021 के नतीजे
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने 75 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी. यह राज्य में किसी गैर-कांग्रेसी गठबंधन की लगातार दूसरी जीत थी.
वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत गठबंधन ने 50 सीटों पर जीत हासिल की थी. यह 2016 के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन था, जब कांग्रेस को 26 सीटें मिली थीं. इस बार कांग्रेस ने उन 42 सीटों पर पहले उम्मीदवार घोषित किए हैं, जहाँ पार्टी अपनी जीत को लेकर सबसे ज्यादा आश्वस्त नजर आ रही है.
ADVERTISEMENT

