बंगाल में मनोज अग्रवाल को चीफ सेक्रेटरी बनाने पर घमासान, अमित मालवीय ने केरल का उदाहरण देकर राहुल गांधी के स्टैंड को बताया 'डबल स्टैंडर्ड'

पश्चिम बंगाल में पूर्व चुनाव अधिकारी मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाए जाने पर 'चोर बाज़ार' का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी को बीजेपी नेता अमित मालवीय ने आड़े हाथों लिया है.

राहुल गांधी-अमित मालवीय
राहुल गांधी-अमित मालवीय

अलका कुमारी

follow google news

पश्चिम बंगाल में जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल को चीफ सेक्रेटरी बनाया था, जिसकी कांग्रेस ने खूब आलोचना की थी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुले तौर पर इसे मनोज अग्रवाल को बंगाल चुनाव में मदद करने का इनाम बताया था. अब राहुल गांधी के इसी बयान पर बीजेपी ने भी जोरदार पलटवार किया है. 

Read more!

दरअसल बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके स्टैंड को डबल स्टैंडर्ड करार देते हुए उन्हें कांग्रेस सरकार वाली केरल की याद दिलाई है. अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी का दोहरा रवैया एक बार फिर दुनिया के सामने आ गया है.

अमित मालवीय ने दलील दी कि राहुल गांधी शुभेंदु अधिकारी सरकार में मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव बनाए जाने पर तो सवाल उठा रहे हैं, लेकिन वे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल को भूल गए. ममता बनर्जी ने अपने पसंदीदा अफसरों को मलाईदार पद देने के लिए दर्जनों सीनियर आईएएस अधिकारियों को दरकिनार कर दिया था और पूरी नौकरशाही का मजाक बना दिया था.  इसके उलट, बंगाल की मौजूदा बीजेपी सरकार ने राज्य के सबसे सीनियर आईएएस अधिकारी मनोज अग्रवाल को मुख्य सचिव नियुक्त किया है, जो नियम-कायदों के बिल्कुल मुताबिक है.

जरा केरल का हाल भी देख लीजिए राहुल जी

अमित मालवीय यहीं नहीं रुके, उन्होंने राहुल गांधी को घेरने के लिए कांग्रेस के प्रभाव वाले राज्य केरल का उदाहरण तक सामने रख दिया. मालवीय ने कहा कि केरल में साल 2003 बैच के आईएएस अफसर रतन यू केलकर को मुख्यमंत्री वी डी सतीशन का सेक्रेट्री बनाया जा रहा है, जबकि वे राज्य के सबसे सीनियर अफसर भी नहीं हैं.

हैरान करने वाली बात ये है कि रतन यू केलकर इस नए पद के साथ-साथ केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी यानी चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे.

मालवीय ने सवाल उठाया कि चुनाव अधिकारी जैसे निष्पक्ष और स्वतंत्र पद पर बैठा व्यक्ति भला सीधे मुख्यमंत्री का सचिव कैसे हो सकता है? तब संस्थागत मर्यादा और नियमों पर राहुल गांधी के ज्ञान भरे उपदेश कहां गायब हो जाते हैं? क्या उनका गुस्सा सिर्फ ये देखकर तय होता है कि सामने कौन सी पार्टी की सरकार है?

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में आखिर कहा क्या था 

दरअसल, पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार ने हाल ही में दो बड़े प्रशासनिक फैसले लिए. राज्य के पूर्व मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल को बंगाल का नया चीफ स्क्रेट्री बनाया गया. इसके अलावा, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया. सुब्रत गुप्ता चुनावों से ठीक पहले वोटर लिस्ट सुधार प्रक्रिया के खास सुपरवाइजर थे.

इन नियुक्तियों पर भड़कते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा था: "BJP-EC के 'चोर बाज़ार' में - जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम."

    follow google news