Rajya Sabha election BJP candidates list: भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस नई लिस्ट में पार्टी ने 4 नामों का ऐलान किया है. इसमें केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष विनोद तावड़े के नाम शामिल हैं. इनके साथ ही माया चिंतामन इवनाते और रामराव वडकुते को भी उम्मीदवार बनाया गया है. बता दें कि इससे पहले मंगलवार को बीजेपी ने 9 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी. इस दूसरी लिस्ट के जारी होने के बाद पार्टी ने अब तक कुल 7 राज्यों में 13 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT
पहली लिस्ट में इन नेताओं के नाम शामिल
बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम शामिल किया है. पार्टी उन्हें बिहार से राज्यसभा भेजने का मन बना चुकी है. वहीं यहां से दूसरा नाम शिवेश कुमार का तय किया गया है. उधर छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया और असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन का नाम शामिल किया गया है. इसके साथ ही ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को प्रत्याशी बनाया है.
16 मार्च को 37 सीटों पर होगा मतदान
गाैरतलब है कि देश 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च के दिन चुनाव होना है. मतदान के बाद इसी दिन शाम को वोटों की गिनती होगी. इस दौरान निर्वाचित होने वाले सदस्यों का कार्यकाल अगले छह साल यानी साल 2032 तक रहेगा. इस चुनाव में सबसे अधिक 7 सीटें महाराष्ट्र से हैं. इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है. यहां 6 सीटों पर मुकाबला होना है.
जानिए कैसे चुने जाते हैं राज्यसभा सांसद
बता दें कि राज्यसभा एक स्थायी सदन है. यहां सदस्य का चुनाव विधायकों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रूप से किया जाता हैं. राज्यसभा में हर दो साल में एक तिहाई सदस्य रिटायर होते हैं. इसके बाद इसे भरने के लिए उतनी ही सीटों पर चुनाव कराए जाते हैं. बता दें कि राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं, जिनमें से 233 पर चुनाव होते हैं और 12 सदस्य राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किए जाते हैं.
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: शाखा से संसद तक, 9 हार के बाद पहली बार जीतने जा रहे राहुल सिन्हा की अनसुनी कहानियां
ADVERTISEMENT

