नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का शनिवार से औपचारिक आगाज होने जा रहा है. राजधानी में होने वाले इस बड़े कूटनीतिक आयोजन पर पूरी दुनिया की नजर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिनभर कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. इनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली मुलाकात सबसे अहम मानी जा रही है.
ADVERTISEMENT
शी जिनपिंग भारत के लिए रवाना हो चुके हैं. पीएम मोदी की उनसे मुलाकात शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में प्रस्तावित है. इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत कई नेताओं से मुलाकात की थी.
सुबह से शुरू होंगी पीएम मोदी की बैठकें
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा. सुबह 10 बजे हैदराबाद हाउस में उनकी मुलाकात इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से होगी.
इसके बाद 10:30 बजे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी. सुबह 11 बजे पीएम मोदी अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे.
सुबह 11:30 बजे प्रधानमंत्री की वियतनाम के नेता ले मिन्ह हंग के साथ बैठक निर्धारित है.
इसी दौरान राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात करेंगी.
दोपहर में शुरू होगा BRICS का मुख्य कार्यक्रम
BRICS सम्मेलन के मुख्य कार्यक्रम के लिए सदस्य देशों के नेता दोपहर 2 बजे भारत मंडपम पहुंचेंगे. इसके करीब 35 मिनट बाद समिट हॉल में 'Inclusive Global Governance and Strengthening Multilateralism' विषय पर बंद सत्र आयोजित होगा.
इस बैठक में वैश्विक शासन व्यवस्था और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.
Bharat Innovates Exhibition भी देखेंगे नेता
शाम 4:25 बजे BRICS देशों के नेता भारत मंडपम के हॉल नंबर 14 में 'Bharat Innovates Exhibition' का दौरा करेंगे. इसके बाद 5:05 बजे भारत मंडपम के लॉन में सभी नेताओं का फैमिली फोटो कार्यक्रम होगा. इसके कुछ ही मिनट बाद शाम 5:10 बजे संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम रखा गया है.
शाम 5:45 बजे मोदी-जिनपिंग मुलाकात
BRICS Summit 2026 के पहले दिन की सबसे चर्चित गतिविधियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बैठक शामिल है. दोनों नेताओं की द्विपक्षीय मुलाकात शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में होगी.
इस बैठक को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है. दोनों नेताओं की बातचीत पर कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास नजर रहेगी.
रात में गाला डिनर
दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों के बाद रात 7:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में गाला डिनर होगा. इसका आयोजन भारत मंडपम के लेवल 3 पर किया जाएगा.
BRICS Summit के कारण दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन
BRICS सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है. शनिवार को सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक भारत मंडपम, लुटियंस दिल्ली और राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा.
कुछ सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कुछ इलाकों में आवाजाही पर प्रतिबंध या नियंत्रण रहेगा. एडवाइजरी के मैप में वैकल्पिक रास्तों को नीले, नियंत्रित सड़कों को नारंगी और प्रतिबंधित इलाकों को बैंगनी रंग में दिखाया गया है. डायवर्जन प्वाइंट लाल स्टार से चिन्हित किए गए हैं.
दिल्ली में आने-जाने वाले लोगों को यात्रा से पहले अपना रूट प्लान करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
मौसम भी डाल सकता है असर
BRICS Summit के बीच मौसम को लेकर भी चिंता बनी हुई है. दिल्ली-NCR में अगले दो दिनों के दौरान तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है. नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों में मौसम खराब होने की स्थिति में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT


